Jind News: आईटीआई में दाखिले के लिए आवेदन की तिथि 30 जून तक बढ़ी
जींद। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आईटीआई में दाखिले की आवेदन प्रक्रिया को और समय देने का फैसला किया है। विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून से बढ़ाकर 30 जून कर दी है।पहले चरण में केवल आवेदन प्रक्रिया संचालित की जाएगी जबकि दूसरे चरण में विद्यार्थियों को अपनी पसंद के ट्रेड चुनने का अवसर मिलेगा। फिलहाल ट्रेड चयन की सुविधा अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। विभाग की ओर से प्रदेश के राजकीय और निजी आईटीआई संस्थानों में दो जून से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई थी। नए नियम के अनुसार जिन विद्यार्थियों ने पहले ही आवेदन के दौरान किसी ट्रेड का चयन कर लिया था उनके आवेदन में संबंधित आईटीआई संस्थान तो मान्य रहेगा लेकिन ट्रेड का विकल्प स्वत: हट जाएगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यार्थियों को दोबारा ट्रेड चयन करने का अवसर दिया जाएगा। जिले में इस बार आईटीआई में दाखिले को लेकर कड़ी प्रतिस्पर्धा रहने की संभावना है। दोनों शिक्षा बोर्डों से 10वीं कक्षा के 15 हजार से अधिक विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं जबकि जिले की 25 राजकीय और निजी आईटीआई में कुल 5244 सीटें उपलब्ध हैं। इनमें नौ राजकीय आईटीआई में 2688 और 16 निजी आईटीआई में 2556 सीटें हैं। सीमित सीटों के कारण दाखिले के लिए मारामारी रहने के आसार हैं। विद्यार्थियों की पहली पसंद कैथल रोड स्थित राजकीय आईटीआई जींद रहती है। यहां कई लोकप्रिय ट्रेडों में मेरिट 100 प्रतिशत से अधिक तक पहुंच जाती है। निर्धारित सीटों के मुकाबले तीन से चार गुना तक आवेदन आने से विद्यार्थियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलता है।दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को पहले ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। आवेदन के दौरान शैक्षणिक योग्यता, आरक्षण, स्थायी निवासी प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। विभाग की वेबसाइट पर सभी संस्थानों, सीटों और अन्य आवश्यक जानकारियां उपलब्ध हैं। फिलहाल ट्रेड चयन का विकल्प अस्थायी रूप से बंद रखा गया है।- नरेश कुमार पांचाल, प्राचार्य, राजकीय आईटीआई जींद
#ApplicationDeadlineForITIAdmissionExtendedToJune30. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 20, 2026, 19:39 IST
Jind News: आईटीआई में दाखिले के लिए आवेदन की तिथि 30 जून तक बढ़ी #ApplicationDeadlineForITIAdmissionExtendedToJune30. #VaranasiLiveNews
