Bareilly News: करोड़ों ठगने की आरोपी महिला को पकड़ने आई अमरोहा पुलिस, हंगामा
भोजीपुरा। बीसी कमेटी और भूखंड दिलाने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये निवेश कराकर ठगने की आरोपी अनीता कश्यप सोमवार को घिर गई। अमरोहा जिले में दीवान से ठगी के मामले में वहां की पुलिस आई तो स्थानीय पीड़ितों ने उसे ले नहीं जाने दिया। हंगामे के बाद भोजीपुरा पुलिस ने अनीता और उसके पति देवानंद को शांतिभंग में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। अमरोहा पुलिस को बैरंग लौटना पड़ा। आरोप है कि महिला ने भोजीपुरा समेत दूसरे जिलों के सौ से अधिक लोगों से करीब 60 करोड़ रुपये की ठगी की है। उसने अमरोहा पुलिस की यातायात शाखा के मुख्य आरक्षी जसपाल सागर से भी 25 लाख रुपये की ठगी कर ली। जसपाल सागर की पत्नी अंजलि ने अमरोहा के एसपी से शिकायत की। सोमवार को मुख्य आरक्षी जसपाल सागर एक दरोगा व टीम के साथ महिला की दुकान पर पहुंचे। वहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया और साथ ले जाने लगी।इस दौरान महिला के पास बैठे पीड़ितों ने भोजीपुरा के उन लोगों को कार्रवाई की जानकारी दे दी जो ठगी के पीड़ित हैं। ये लोग काफी समय से महिला से रुपये मांग रहे हैं। रुपये नहीं देने पर अधिकारियों से उसकी शिकायत भी कर चुके हैं। इन लोगों ने आकर अमरोहा पुलिस की कार रोक ली और तीखी नोकझोंक हुई। लोगों का कहना था कि महिला पहले उनके रुपये लौटाएगी, फिर वह उसे कहीं ले जाने देंगे। इस बीच किसी ने डायल 112 पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस आई और सभी पक्षों को भोजीपुरा थाने ले गई। रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश भोजीपुरा निवासी पीड़ितों ने 22 अक्तूबर को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी थी। थाना प्रभारी ने जांच रिपोर्ट के साथ शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों के पास अनुमोदन के लिए भेजी थी। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि अनुमोदन मिल गया है। आरोपी महिला के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। संवाद
#AmrohaPoliceArriveToArrestWomanAccusedOfSwindlingCrores;CommotionEnsues #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 03, 2026, 03:12 IST
Bareilly News: करोड़ों ठगने की आरोपी महिला को पकड़ने आई अमरोहा पुलिस, हंगामा #AmrohaPoliceArriveToArrestWomanAccusedOfSwindlingCrores;CommotionEnsues #VaranasiLiveNews
