Amethi: सड़क किनारे झाड़ियों में मिली युवक की शव, पास पड़ी थी टूटी बाइक; भाई बोला- रात में घर से निकले थे

अमेठी में मुसाफिरखाना के जाखा शिवपुर निवासी सुनील कुमार वर्मा (30) का शव बुधवार सुबह लालगंज चौराहे के पास सड़क किनारे झाड़ियों में गड्ढे में मिला। मौके पर उनकी क्षतिग्रस्त बाइक भी पड़ी मिली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के छोटे भाई सचिन वर्मा ने बताया कि उनके बड़े भाई सुनील कुमार वर्मा मंगलवार रात बाइक से मुसाफिरखाना जाने के लिए घर से निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने बताया कि रात में मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन बंद मिला। सचिन के मुताबिक, बुधवार सुबह राहगीरों ने लालगंज चौराहे के पास सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान सुनील कुमार वर्मा के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव के पास ही टूटी हुई मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। परिजनों के अनुसार मृतक की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग सदमे में हैं। थाना प्रभारी विवेक कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई, जिससे युवक के सिर में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक के पिता कंसराज वर्मा, माता मंजू देवी, पत्नी सोनी देवी, बेटी शान्वी सहित छोटे भाई सुशील कुमार और सचिन कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है।

#CityStates #Lucknow #Amethi #Up #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 04, 2026, 11:22 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Amethi: सड़क किनारे झाड़ियों में मिली युवक की शव, पास पड़ी थी टूटी बाइक; भाई बोला- रात में घर से निकले थे #CityStates #Lucknow #Amethi #Up #VaranasiLiveNews