Allahanad University : यूजीसी नियमावली पर चर्चा को लेकर दो गुटों में चले लात-घूंसे, हंगामा
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) परिसर के बरगद लाॅन में मंगलवार को उस दौरान हंगामा हो गया, जब छात्रों के गुटों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। यूजीसी नियमावली-2026 को लेकर छात्रों का एक समूह चर्चा कर रहा था। इसका दूसरे पक्ष ने विरोध किया तो मारपीट शुरू हो गई। एक छात्र को दांत से काटने का भी आरोप है। वहीं, कई अन्य छात्र भी जख्मी हुए हैं। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए इविवि प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। दिशा छात्र संगठन के चंद्रप्रकाश का आरोप है कि वह साथी संजय, निधि, पूजा और अन्य के साथ इविवि परिसर स्थित बरगद लाॅन में बैठकर यूजीसी से संबंधित विषयों पर बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि तभी अचानक 30-40 युवक कार से पहुंचे और खुद को एक दल का कार्यकर्ता बताया। युवकों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव के लिए आईं छात्राओं से भी बदसलूकी की गई। दोनों पक्षों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत आरोप है कि छात्राओं को पीटा गया जिससे अफरातफरी मच गई। घटना के बाद कर्नलगंज थाने में शिकायत करने का प्रयास किया गया, लेकिन वहां से उन्हें पहले इविवि के प्रॉक्टर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। इसके बाद प्रॉक्टर कार्यालय में लिखित शिकायत सौंपी गई। उधर, दूसरे पक्ष की ओर से भी प्रॉक्टर कार्यालय में शिकायत की गई है। बीए तृतीय वर्ष के छात्र आयुष राय का आरोप है कि बरगद लाॅन में बैठे कुछ लोग जातिगत टिप्पणियां कर रहे थे। विरोध करने पर मारपीट कर दांत से काट लिया गया। वहीं, कर्नलगंज थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है, लेकिन दोनों पक्षों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई जाएगी।
#CityStates #Prayagraj #UgcBill2026InHindi #UgcNewRules #AllahabadUniversity #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 04, 2026, 12:34 IST
Allahanad University : यूजीसी नियमावली पर चर्चा को लेकर दो गुटों में चले लात-घूंसे, हंगामा #CityStates #Prayagraj #UgcBill2026InHindi #UgcNewRules #AllahabadUniversity #VaranasiLiveNews
