ग्रेटर नोएडा: निदेशक की नियुक्ति में अटका जीबीयू का एआई सेंटर, 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में विद्यार्थियों को नई सुविधाएं देने के उद्देश्य से गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार एआई सेंटर अब तक शुरू नहीं हो सका है। सेंटर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसके शुभारंभ की तैयारी भी शुरु है, लेकिन निदेशक की नियुक्ति नहीं होने के कारण पूरा प्रोजेक्ट अटका हुआ है। नतीजतन, करोड़ों रुपये की लागत से तैयार इस सेंटर का लाभ अभी तक विद्यार्थियों और शोधार्थियों को नहीं मिल पा रहा है। 2024 में प्रदेश सरकार की ओर से बजट का एलान किया गया था। दो साल बीतने के बाद भी अब तक सेंटर शुरु नहीं हो सका है। विश्वविद्यालय में तैयार इस सेंटर को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंप्यूटर साइंस, डाटा साइंस और तकनीकी शोध के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां सुपर कंप्यूटर के साथ नई और पुरानी पीढ़ी के अत्याधुनिक कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थी आधुनिक तकनीक पर आधारित प्रोजेक्ट, शोध और नवाचार से जुड़ी गतिविधियां कर सकेंगे। हालांकि एक बार की प्रकिया हो चुकी है। उसमें योग्य डायरेक्टर नहीं मिल सका है। अब दूसरे चरण में फिर से डायरेक्टर की खोज शुरु की जाएगी। डायरेक्टर के मिलते ही दिसंबर में केंद्र के शुरु होने की योजना है। कुलसचिव प्रो. चंदर कुमार सिंह ने बताया कि डायरेक्टर की नियुक्ति की प्रकिया चल रही है। नियुक्ति होते ही एआई सेंटर शुरु हो जाएगा। रिसर्च और तकनीकी शिक्षा को मिलना था बढ़ावा एआई सेंटर शुरू होने से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, सुपर कंप्यूटिंग और आधुनिक तकनीकी शोध के क्षेत्र में काम करने का अवसर मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा शोधार्थियों को जटिल डाटा का विश्लेषण करने और नई तकनीक विकसित करने के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे। इन प्रक्रियाओं में होगी आसानी इन लैब में छात्र विभिन्न टूल और तकनीक का प्रयोग कर सकेंगे। वे रीजनिंग, प्राॅब्लम साल्विंग, परसेप्शन लर्निंग, प्लानिंग और ऑटोमेशन प्रोसेस के लिए प्रोग्रामिंग आदि कंप्यूटर एवं अन्य उपकरणों की सहायता से आसानी से कर सकेंगे। एआई सेंटर से विश्वविद्यालय का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक कौशल के साथ तैयार करना है, ताकि वे भविष्य की नौकरियों के लिए सक्षम बन सकें। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस हब से स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, स्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर क्षेत्रों में प्रगति को बढ़ावा मिलेगा।
#CityStates #Noida #AiCentre #GbuAiCentre #Gbu #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 16, 2026, 13:15 IST
ग्रेटर नोएडा: निदेशक की नियुक्ति में अटका जीबीयू का एआई सेंटर, 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा #CityStates #Noida #AiCentre #GbuAiCentre #Gbu #VaranasiLiveNews
