Panipat News: निगम कर्मचारियों के बाद जेबीएम कर्मी हड़ताल पर गए, सफाई और कूड़ा उठान बेपटरी
पानीपत। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के बाद जेबीएम के कर्मी हड़ताल पर चले गए हैं। ऐसे में शहर में सफाई और डोर-टू-डोर कूड़ा उठान ठप हो गया है। निगम को दो प्राइवेट एजेंसी की मदद से सफाई का काम चलाना पड़ रहा है। निगम के दावों के बाद भी शहर में करीब 100 टन कूड़ा पड़ा है। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम के सफाई कर्मचारी अपनी मांगों के लिए बुधवार को छठे दिन हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों ने पालिका बाजार कार्यालय के नीचे धरना देकर अपनी मांगों के लिए आवाज बुलंद की। इसमें निगम के 480 कर्मचारी शामिल हुए। दमकल विभाग के 100 कर्मियों ने भी अपना धरना दमकल विभाग कार्यालय से बदलकर पालिका बाजार कार्यालय में रख लिया। नगर निगम कर्मचारी यूनियन के प्रधान नरेश कुमार अठवाल ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को सरकार के सामने रख रहे हैं। उनकी समस्याओं का कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। यूनियन ने मंगलवार को मेयर कोमल सैनी को अपनी मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा था, इसके बाद भी कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया। कर्मचारियों में इससे रोष व्याप्त है। यूनियन ने हड़ताल तीन दिन के लिए और बढ़ाने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि वे मांगों को लागू होने तक हड़ताल जारी रखेंगे। जेबीएम कर्मियों ने न्यूनतम वेतन बढ़ाने की मांग की शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान में लगी जेबीएम कंपनी के कर्मी न्यूनतम वेतन की मांग के लिए हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मियों ने बुधवार को दूसरे दिन हड़ताल रखी। ऐसे में शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान नहीं हो पाया। नगर निगम अधिकारियों ने सफाई एजेंसी पीसीसी और आईएनडी के ट्रैक्टरों की मदद से गलियों में पड़े कूड़े का उठान किया। सामान्य दिनों में हर रोज करीब 400 टन कूड़े का उठान होता था। हड़ताल के दौरान करीब 300 टन कूड़े के उठान का दावा किया है। नगर निगम अधिकारियों ने जेबीएम कंपनी के अधिकारियों से बात कर न्यूनतम वेतन देकर हड़ताल खत्म कराने पर चर्चा की। जेबीएम कंपनी ने इस स्थिति में कूड़े के चार्ज बढ़ाने की बात कही। डीएमसी अरुण भार्गव ने बताया कि जेबीएम कंपनी के अधिकारियों से बात की जा रही है। शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान शुरू करा दिया जाएगा।
#AfterTheCorporationEmployees #JBMWorkersWentOnStrike #DerailingCleaningAndGarbageCollection. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 07, 2026, 02:42 IST
Panipat News: निगम कर्मचारियों के बाद जेबीएम कर्मी हड़ताल पर गए, सफाई और कूड़ा उठान बेपटरी #AfterTheCorporationEmployees #JBMWorkersWentOnStrike #DerailingCleaningAndGarbageCollection. #VaranasiLiveNews
