Kangra News: दादा के साथ सैर पर निकली छात्रा की नाली में गिरने से मौत

बरियाल (कांगड़ा)। दादा के साथ रोज की तरह शाम को सैर पर निकली 16 वर्षीय छात्रा की अचानक चक्कर आकर गिरने से मौत हो गई। घटना नगरोटा सूरियां-नंदपुर सड़क मार्ग पर मंगलवार शाम को लुदरेट गांव के पास हुई है। चक्कर आकर नाली में गिरने से अंशिता का सिर डंगे की नुकीली दीवार से टकरा गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मिली जानकारी के अनुसार, अंशिता (16) पुत्री रक्षपाल सिंह, निवासी घाड़ बरियाल, मंगलवार शाम को अपने दादा रमेश कुमार के साथ सैर पर निकली थी। दोनों दादा-पोती सैर के बाद घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान करीब शाम सात बजे लुदरेट गांव के पास अंशिता को अचानक चक्कर आया और वह सड़क के किनारे बनी पक्की नाली में जा गिरी। गिरते समय उसका सिर नाली के पास बने डंगे (दिवार) की नोक से इतनी जोर से टकराया कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पोती को अपनी आंखों के सामने दम तोड़ता देख बुजुर्ग दादा बदहवास हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस चौकी नगरोटा सूरियां को दी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मृतका के दादा रमेश कुमार सहित अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान कलमबद्ध किए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेजा, जहां बुधवार को औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। एएसपी नूरपुर धर्मचंद वर्मा ने कहा कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

#KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews # #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 20, 2026, 17:19 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kangra News: दादा के साथ सैर पर निकली छात्रा की नाली में गिरने से मौत #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews # #VaranasiLiveNews