Hamirpur (Himachal) News: बड़सर अस्पताल में मरीजों को वार्ड तक पहुंचाने के लिए तैयार होगा रैंप
बड़सर (हमीरपुर)। सिविल अस्पताल बड़सर में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नई मशीनें और चिकित्सकीय उपकरण खरीदे जाएंगे। लेबर रूम को अत्याधुनिक बनाने, 20 नए बेड खरीदने और वार्ड तक मरीजों को पहुंचाने के लिए रैंप बनाने का निर्णय लिया गया है।साथ ही गायनी और मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञों को भी उपचार के लिए जरूरी उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे। सोमवार को सामुदायिक भवन में आयोजित सिविल अस्पताल बड़सर की आरोग्य समिति (रोगी कल्याण समिति) की बैठक एसडीएम स्वाति डोगरा की अध्यक्षता में हुई।बैठक में अस्पताल की वित्तीय स्थिति, विकास कार्यों और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर चर्चा की गई।बीएमओ डॉ. अरविंद टंडन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की आय-व्यय रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि वर्ष की शुरुआत में समिति के पास 9,16,606 रुपये की राशि थी और विभिन्न स्रोतों से 83,02,555 रुपये की आय प्राप्त हुई।अस्पताल की सुविधाओं, विकास कार्यों और उपकरणों पर 76,02,348 रुपये खर्च किए गए। इसके बाद समिति के पास 16,16,813 रुपये शेष रहे। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 87,90,000 रुपये का अनुमानित बजट मंजूर किया गया।इस राशि से अस्पताल में नई मशीनें, उपकरण, लेबर रूम का आधुनिकीकरण, बेड, पानी की टंकियां और अन्य विकास कार्य करवाए जाएंगे। अस्पताल परिसर में औषधीय पौधे लगाने का निर्णय भी लिया गया।एसडीएम स्वाति डोगरा ने अधिकारियों को समिति के निर्णयों को समयबद्ध तरीके से लागू करने और स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में डॉ. ए गोयल, डॉ. अरविंद टंडन, परमजीत राणा, हरबंस लाल शर्मा और राकेश कुमार सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
#HamirpurNewsHpNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 13, 2026, 22:31 IST
Hamirpur (Himachal) News: बड़सर अस्पताल में मरीजों को वार्ड तक पहुंचाने के लिए तैयार होगा रैंप #HamirpurNewsHpNews #VaranasiLiveNews
