बिहार में काल बना बालू लदा ट्रक: नवरात्र पर पूजा कर लौट रहे दंपती को कुचला, आक्रोशित ग्रामीणों ने रोका रास्ता
नवरात्र की पूजा कर घर लौट रहे दंपती को क्या पता था कि घर की दहलीज तक पहुंचते-पहुंचते उनकी खुशियां हमेशा के लिए छिन जाएंगी। पूजा पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन कर पैदल लौट रहे दंपती को तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल पत्नी की छपरा सदर अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई, जबकि घायल पति का उपचार जारी है। इस हादसे ने परिवार में नवरात्र की पूजा का उत्साह पलभर में मातम में बदल दिया। घटना रविवार दोपहर सारण जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआं में एनएच-331 पर हुई। मृतका की पहचान सुमन ओझा के रूप में हुई है, जबकि उनके घायल पति सिंटू ओझा किराना व्यवसायी बताए जा रहे हैं। पूजा कर पैदल घर लौट रहा था दंपती घटना के संबंध में बताया जाता है कि नवरात्र के पहले दिन दंपती उपवास पर थे। दोनों कोल्हुआ बाजार में बने पूजा पंडाल में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन करने गए थे। पूजा के बाद वे पैदल ही अपने घर लौट रहे थे। दोनों एनएच-331 पर स्थित अपने घर के पास पहुंच चुके थे। इसी दौरान छपरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित बालू लदे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को रेफरल अस्पताल, बनियापुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए छपरा रेफर कर दिया गया। हालांकि, सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही सुमन ओझा ने दम तोड़ दिया। उनके पति का उपचार जारी है। ये भी पढ़ें-बिहार: आंदोलन का अधिकार है, अराजकता का नहीं, एसआईआर प्रदर्शन पर चिराग पासवान का बयान मौत की खबर से आक्रोशित ग्रामीणों ने रोका यातायात सुमन ओझा की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर आए और यातायात बाधित कर दिया। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई घंटों तक आवागमन प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलने पर संबंधित थाने के थानाध्यक्ष बिरजू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने नाराज ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। सुमन ओझा के दो पुत्र हैं। मां की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में नवरात्र को लेकर पूजा-पाठ और उत्साह का माहौल था, वहां अब अपनों को खोने का गम पसरा है। घटना स्थल पर जुटे ग्रामीण और पुलिस बल घटना स्थल पर जुटे ग्रामीण और पुलिस बल
#CityStates #Crime #Bihar #Saran #SaranRoadAccident #SahajitpurAccident #DeathOfSumanOjha #Sand-ladenTruck #BiharRoadAccident #Nh-331 #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 11, 2026, 17:35 IST
बिहार में काल बना बालू लदा ट्रक: नवरात्र पर पूजा कर लौट रहे दंपती को कुचला, आक्रोशित ग्रामीणों ने रोका रास्ता #CityStates #Crime #Bihar #Saran #SaranRoadAccident #SahajitpurAccident #DeathOfSumanOjha #Sand-ladenTruck #BiharRoadAccident #Nh-331 #VaranasiLiveNews
