Hapur News: स्वर्ग आश्रम रोड की जलनिकासी के लिए बनेगा 750 मीटर लंबा नाला
हापुड़। स्वर्ग आश्रम रोड की जलनिकासी के लिए करीब 750 मीटर लंबे नाले का सड़क के दोनों ओर निर्माण होगा। इसके अलावा पंपिंग स्टेशन बनाया जाएगा। मंगलवार को जल निगम नगरीय ने करीब सवा दो करोड़ रुपये की डीपीआर बनाकर जिला प्रशासन को भेजी है। नगर पालिका इस निर्माण को कराएगी। वहीं, रेलवे, जल निगम नगरीय और नगर पालिका की टीम ने निरीक्षण भी किया है। जलनिकासी की इस समस्या से हर रोज करीब दस हजार लोग प्रभावित हो रहे हैं। करीब आठ वर्षों से स्वर्ग आश्रम रोड के छह मोहल्ले प्रभा विहार, ग्रीन वैली, दुर्गा कालोनी, न्यू कालोनी, फौजी कालोनी और स्वर्ण एंक्लेव के हजारों निवासी व प्रतिदिन यहां से गुजरने वाले हजारों लोग जलनिकासी न होने के कारण प्रभावित हो रहे हैं। इस समस्या को लेकर पिछले दिनों डीएम कविता मीना के पत्राचार और बार-बार बातचीत करने के बाद रेलवे के डीआरएम ने लाइन के नीचे पाइप डालकर पानी को निकालने की अनुमति दे दी थी। पत्र मिलने के बाद जल निगम नगरीय ने डीपीआर बनाई है। इस डीपीआर में फ्लाईओवर के दोनों ओर नाला निर्माण का प्रस्ताव है। अब गहरे और चौड़े नालों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही इस पानी को आगे भेजने के लिए पंपिंग स्टेशन भी बनेगा। इस कारण करीब सवा दो करोड़ रुपये खर्च होंगे। बता दें कि अभी मौके पर छोटी नाली बनी हुई हैं। इस नाली से न तो निकासी हो रही है और न ही पानी आगे जा पा रहा है। यही कारण है कि फ्लाईओवर के दोनों ओर बिना बारिश के जलभराव हो रहा है। सड़क पर कई-कई फीट गहरे गड्ढे हो चुके हैं। मुख्य मार्ग और सर्विस रोड तक पर जलभराव होने से प्रतिदिन यहां से गुजरने वाले हजारों लोगों का निकलना दुश्वार हो चुका है। इस कारण लोग परेशान हैं।बता दें कि यह मार्ग स्वर्ग आश्रम रोड पर फाटक से पहले पक्का बाग, इंद्रलोक कालोनी, भगवती गंज, त्यागी नगर, देवलोक कालोनी, अर्जुन नगर, कृष्णा नगर, फूटी लाइन, केशव नगर आदि मोहल्लों को जोड़ता है। इसके अलावा गांव दोयमी, धनौरा, वझीलपुर, असरा, कोटा हरनाथपुर आदि गांवों के हजारों ग्रामीण भी इस मार्ग से जाते हैं। इन्हें भी जलभराव के कारण परेशान होना पड़ रहा है।----कोटविभाग की ओर से करीब सवा दो करोड़ रुपये की डीपीआर बनाई गई है। मार्ग के दोनों ओर नाले का निर्माण और पंपिंग स्टेशन बनाया जाएगा। - अमीरुल हसन, अधिशासी अभियंता, जल निगम नगरीय
#HapurNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 16, 2026, 18:53 IST
Hapur News: स्वर्ग आश्रम रोड की जलनिकासी के लिए बनेगा 750 मीटर लंबा नाला #HapurNews #VaranasiLiveNews
