Delhi NCR News: दिल्ली गेट से कश्मीरी गेट तक बनेगा 3.3 किमी लंबा हेरिटेज कॉरिडोर

नेताजी सुभाष मार्ग का होगा सौंदर्यीकरण, पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों के लिए बनेंगे अलग ट्रैक, 12 ऐतिहासिक व हरित स्थल जुड़ेंगेअमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली। पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक पहचान को आधुनिक शहरी सुविधाओं से जोड़ने के लिए दिल्ली गेट से कश्मीरी गेट तक 3.3 किलोमीटर लंबे नेताजी सुभाष मार्ग को हेरिटेज कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की तैयारी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में इंद्रप्रस्थ विरासत पुनर्विकास निगम (आईवीपीएन) ने इसकी रूपरेखा तैयार की है। परियोजना के तहत सड़क का सौंदर्यीकरण करने के साथ पैदल यात्रियों, साइकिल चालकों और वाहनों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी।योजना के अनुसार, कॉरिडोर को सड़क की उपलब्ध चौड़ाई के आधार पर तीन हिस्सों में बांटा गया है। पहला हिस्सा कश्मीरी गेट से जीपीओ चौक तक होगा, जिसकी चौड़ाई 12 से 24 मीटर है। दूसरा हिस्सा जीपीओ चौक से ब्रिज मोहन चौक तक होगा। इसकी औसत चौड़ाई 45 मीटर है। तीसरा हिस्सा ब्रिज मोहन चौक से दिल्ली गेट चौराहे तक होगा, जिसकी चौड़ाई 16.8 से 26 मीटर है। तीनों हिस्सों में उपलब्ध जगह के अनुसार अलग-अलग सुविधाएं विकसित की जाएंगी।पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों के लिए अलग व्यवस्थाकॉरिडोर में फुटपाथ, साइकिल ट्रैक, बस लेन और मोटर वाहनों के लिए अलग लेन बनाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा पार्किंग, पैदल प्लाजा और सड़क के दोनों ओर आधुनिक शौचालय विकसित किए जाएंगे। बस स्टॉप को बेहतर बनाने के साथ पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए निर्धारित क्रॉसिंग, ट्रैफिक सिग्नल और व्यवस्थित चौराहे बनाए जाएंगे। सड़क किनारे पेड़-पौधे, फूलों की क्यारियां, हरित डिवाइडर और आकर्षक स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी।12 ऐतिहासिक और हरित स्थल होंगे आपस में कनेक्टपरियोजना के तहत लाल किला, जामा मस्जिद, सेंट जेम्स चर्च, कश्मीरी गेट, सुभाष पार्क, हिंदी पार्क, अग्रसेन पार्क, सुनहरी मस्जिद और लोथियान कब्रिस्तान सहित 12 प्रमुख ऐतिहासिक और हरित स्थलों को कॉरिडोर से जोड़ने का प्रस्ताव है। इनमें एकता स्थल, दिल्ली गेट चौक, ब्रिज मोहन चौक, पुराना रेलवे स्टेशन चौक और लाल किला ग्रीन पॉकेट भी शामिल हैं। इससे स्मारकों के साथ आसपास के पार्कों और हरित क्षेत्रों का भी विकास हो सकेगा।दिल्ली गेट पर बनेगा हेरिटेज इंटरप्रिटेशन पार्कदिल्ली गेट के आसपास हेरिटेज इंटरप्रिटेशन पार्क विकसित किया जाएगा। यहां प्रतिमा, आकर्षक मंडप, हरित क्षेत्र, पैदल आवागमन और पार्किंग की सुविधा होगी। सजावटी पौधों, वृक्षों और विरासत से जुड़े स्थापत्य तत्वों के जरिये इस क्षेत्र को नया स्वरूप देने की योजना है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, नेताजी सुभाष मार्ग का विकास करते समय पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान सुरक्षित रखी जाएगी तथा आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से इसे नई पहचान दी जाएगी।

#A3.3Km-longHeritageCorridorWillBeBuiltFromDelhiGateToKashmiriGate. #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 01, 2026, 19:40 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Delhi NCR News: दिल्ली गेट से कश्मीरी गेट तक बनेगा 3.3 किमी लंबा हेरिटेज कॉरिडोर #A3.3Km-longHeritageCorridorWillBeBuiltFromDelhiGateToKashmiriGate. #VaranasiLiveNews