कम बजट में ढूंढ रहे हैं माइलेज वाली मोटरसाइकिल?: किफायती दामों में आती है ये 5 बाइक्स, जानें कौन-सी है बेस्ट

फेस्टिव सीजन में अधिकतर लोग नई कार या बाइक खरीदने का सोचते हैं। नौकरीपेशा लोगों, कॉलेज जाने वाले स्टूडेंट्स और रोजाना शहर व गांव में लंबा सफर तय करने वाले ग्राहकों के लिए मोटरसाइकिल आज रोजमर्रा की जिंदगी का एक जरूरी हिस्सा बन चुकी है। हालांकि, कई बार सीमित बजट की वजह से लोग नई बाइक खरीदने का फैसला टाल देते हैं। अगर आपका बजट भी कम है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। भारतीय ऑटो बाजार में कई ऐसी 100cc और 110cc कम्यूटर बाइक्स मौजूद हैं। ये बाइक्स न केवल खरीदने में किफायती हैं, बल्कि रोजाना इस्तेमाल में 70 kmpl तक का शानदार माइलेज भी देती हैं। आइए जानते हैं भारत में उपलब्ध सबसे सस्ती 5 पेट्रोल कम्यूटर बाइक्स के बारे में। हीरो HF 100: सबसे कम बजट में नई बाइक कम बजट में बाइक खरीदने वालों के लिए हीरो HF 100 सबसे किफायती विकल्पों में शामिल है। सितंबर 2026 में इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 57,719 रुपये है। इस कीमत के साथ यह इस लिस्ट की सबसे कम कीमत वाली बाइक है। इंजन और माइलेज की बात करें तो हीरो HF 100 में 97.2cc एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है। यह इंजन करीब 8 PS की पावर देता है। कंपनी के अनुसार यह बाइक लगभग 65-70 kmpl का माइलेज दे सकती है। हालांकि, अलग-अलग टेस्ट और राइडिंग कंडीशन के हिसाब से वास्तविक माइलेज बदल सकता है। फीचर्स की बात करें तो इसमें 97.2cc इंजन के साथ 4-स्पीड गियरबॉक्स, हल्का वजन, अलॉय व्हील, ड्रम ब्रेक और इंटीग्रेटेड ब्रेकिंग सिस्टम मिलता है। रोजाना शहर और छोटे रूट पर इस्तेमाल के लिए इसे किफायती कम्यूटर बाइक माना जाता है। अगर प्राथमिकता कम खरीद कीमत और कम रनिंग कॉस्ट है, तो एचएफ 100 एंट्री-लेवल सेगमेंट की प्रमुख बाइक्स में शामिल है। हीरो HF डीलक्स: 60 हजार से कम में माइलेज वाली बाइक इस लिस्ट में दूसरी किफायती बाइक हीरो एचएफ डीलक्स है। इसकी शुरुआती कीमत कंपनी के अनुसार करीब 59,998 रुपये एक्स-शोरूम, दिल्ली से शुरू होती है। इंजन और माइलेज के मामले में एचएफ डीलक्स में 97.2cc एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है। यह इंजन 5.9 kW की अधिकतम पावर और 8.05 Nm का टॉर्क देता है। बाइक में 4-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है। हीरो की वेबसाइट पर एचएफ डीलक्स का ARAI माइलेज 68 kmpl बताया गया है। फीचर्स की बात करें तो एचएफ डीलक्स के कुछ वेरिएंट में i3S आइडल स्टॉप-स्मार्ट सिस्टम मिलता है। यह फीचर ट्रैफिक में बाइक के लंबे समय तक खड़े रहने पर इंजन को बंद करके ईंधन बचाने में मदद करता है। इसके अलावा इसमें xSENS फ्यूल इंजेक्शन, टेलीस्कोपिक फ्रंट सस्पेंशन, रियर एडजस्टेबल शॉक एब्जॉर्बर और आईबीएस जैसे फीचर्स मिलते हैं। रोजाना ऑफिस, कॉलेज या बाजार आने-जाने वालों के लिए यह 100cc कम्यूटर बाइक एक बजट विकल्प है। टीवीएस स्पोर्ट: 65 हजार के आसपास 110cc बाइक अगर आप कम कीमत में थोड़ा बड़ा इंजन चाहते हैं, तो टीवीएस स्पोर्ट पर नजर डाल सकते हैं। सितंबर 2026 में इसकी शुरुआती कीमत करीब 65,450 रुपये एक्स-शोरूम है। इंजन और माइलेज के मामले में टीवीएस स्पोर्ट में 109.7cc DuraliFe इंजन दिया गया है। यह इंजन करीब 8.19 PS की अधिकतम पावर देता है और 4-स्पीड गियरबॉक्स से जुड़ा है। मौजूदा स्पेसिफिकेशन के अनुसार इसका दावा किया गया माइलेज करीब 70 kmpl है। फीचर्स के मामले में टीवीएस स्पोर्ट में 109.7cc इंजन के साथ 4-स्पीड गियरबॉक्स, ETFi टेक्नोलॉजी, लंबी सीट, ट्यूबलेस टायर और कम्यूटर डिजाइन दिया गया है। टीवीएस के मुताबिक, Sport में ETFi टेक्नोलॉजी का उद्देश्य बेहतर माइलेज और स्मूथ ड्राइविंग देना है। होंडा साइन 100: 69 हजार से कम में Honda की बाइक होंडा की एंट्री-लेवल कम्यूटर बाइक साइन 100 भी कम बजट वाले ग्राहकों के लिए एक विकल्प है। इसकी मौजूदा कीमत 68,767 रुपये एक्स-शोरूम, दिल्ली है। Honda ने इस कीमत पर OBD2B अपडेटेड मॉडल पेश किया था। इंजन और माइलेज की बात करे तों साइन 100 में 98.98cc एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर, फ्यूल-इंजेक्टेड इंजन दिया गया है। यह इंजन 5.43 kW की पावर और 8.04 Nm का टॉर्क देता है। इसमें 4-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है। ARAI आधारित आंकड़ों के अनुसार इसका माइलेज करीब 65 kmpl है। हालांकि, वास्तविक माइलेज सड़क, ट्रैफिक और राइडिंग स्टाइल के अनुसार अलग हो सकता है। फीचर्स के मामले में तो इसमें फ्यूल इंजेक्शन टेक्नोलॉजी, OBD2B कंप्लायंट इंजन, अलॉय व्हील, CBS यानी कंबाइंड ब्रेकिंग सिस्टम, टेलीस्कोपिक फ्रंट फोर्क, ट्विन रियर शॉक एब्जॉर्बर, लंबी सिंगल-पीस सीट और 5 कलर ऑप्शन मिलते हैं। होंडा साइन 100 का फोकस ज्यादा फीचर्स के बजाय हल्के वजन, आराम और रोजाना के इस्तेमाल पर है। बजाज प्लेटिना 100: 70 kmpl के आसपास माइलेज का दावा इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर बजाज प्लेटिना100 है। कंपनी की वेबसाइट पर दिल्ली में इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 72,942 रुपये दी गई है। इंजन और माइलेज देखें तो प्लेटिना 100 में 99.59cc, 4-स्ट्रोक DTS-i, सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है। यह इंजन 8.2 PS की अधिकतम पावर और 8.3 Nm का टॉर्क देता है। बाइक में 11 लीटर का फ्यूल टैंक मिलता है। कंपनी का दावा है कि इसका माइलेज करीब 70 kmpl है। वहीं कुछ रियल-वर्ल्ड यूजर रिपोर्ट में इससे अधिक माइलेज भी दर्ज किया गया है। हालांकि, वास्तविक माइलेज राइडिंग परिस्थितियों पर निर्भर करता है। फीचर्स की बात करें तो प्लेटिना 100 में कम्फर्टेक टेक्नोलॉजी, लंबी और सॉफ्ट सीट, बेहतर शॉक एब्जॉर्बर, इलेक्ट्रिक स्टार्ट और LED DRL शामिल हैं। कंपनी के अनुसार बाइक को खराब और ऊबड़-खाबड़ सड़कों पर आरामदायक राइडिंग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। कीमत, इंजन और माइलेज में कौन कहां खड़ी है अगर केवल शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत देखें तो हीरो HF 100 इस लिस्ट में सबसे कम कीमत पर आती है। इसके बाद एचएफ डीलक्स, टीवीएस स्पोर्ट, होंडा शाइन 100 और बजाज प्लेटिना 100 का नंबर आता है। इंजन के लिहाज से टीवीएस स्पोर्ट का 109.7cc इंजन इस लिस्ट में सबसे बड़ा है। वहीं माइलेज के दावे की बात करें तो एचएफ 100, टीवीएस स्पोर्ट और बजाज प्लेटिना 100 करीब 70 kmpl के आसपास के आंकड़े पेश करते हैं। वहीं एचएफ डीलक्स का ARAI आंकड़ा 68 kmpl और Shine 100 का करीब 65 kmpl है। बाइक खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान एक्सपर्ट्स कहते हैं कि नई बाइक खरीदते समय केवल एक्स-शोरूम कीमत देखकर फैसला नहीं करना चाहिए। ग्राहक को ऑन-रोड कीमत, इंश्योरेंस, आरटीओ शुल्क, वेरिएंट, फाइनेंस ब्याज और डीलर के फेस्टिव ऑफर भी जांचने चाहिए। इसके अलावा अगर बाइक का इस्तेमाल रोजाना लंबी दूरी के लिए होना है, तो सिर्फ माइलेज पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं है। सीट कंफर्ट, सस्पेंशन, सर्विस नेटवर्क और स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता भी देखना जरूरी है। फेस्टिव सीजन में खरीदारी से पहले अलग-अलग डीलर के ऑफर और कुल ऑन-रोड कीमत की तुलना करने से बेहतर डील का अंदाजा लगाया जा सकता है।

#Automobiles #National #BikeNews #AutoNews #BudgetBikes #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Sep 27, 2026, 17:45 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




कम बजट में ढूंढ रहे हैं माइलेज वाली मोटरसाइकिल?: किफायती दामों में आती है ये 5 बाइक्स, जानें कौन-सी है बेस्ट #Automobiles #National #BikeNews #AutoNews #BudgetBikes #VaranasiLiveNews