कोरबा: त्योहारी सीजन में सेहत के साथ खिलवाड़, हर छठा सैंपल फेल, पतंजलि और हल्दीराम जैसे ब्रांड भी अमानक

त्योहारी सीजन में मिठाइयों की खरीदारी जोरों पर है लेकिन इस बीच कोरबा जिले से सेहत को लेकर चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। बीते 10 महीनों में लिए गए 120 खाद्य पदार्थों के सैंपलों में से करीब 20 सैंपल जांच में फेल पाए गए हैं। यानी हर 6 में से 1 सैंपल अमानक मिला है, जो 17 प्रतिशत फेल का आंकड़ा है। चौंकाने वाली बात यह है कि फेल हुए सैंपलों में शहर के नामी संस्थानों के साथ-साथ बड़े ब्रांडों के नाम भी शामिल हैं। पतंजलि शुद्ध देसी घी और हल्दीराम के रसगुल्ला-चना जैसे बड़े ब्रांडों के सैंपल भी मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। शासन-प्रशासन एक ओर खाद्य पदार्थों की शुद्धता को लेकर गंभीरता दिखा रहा है, वहीं दूसरी ओर अमानक सैंपलों का प्रतिशत बढ़ना लोगों की सेहत के लिए खतरे की घंटी है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय भारत के अनुसार अमानक और मिसब्रांडेड खाद्य पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है। मिलावटी दूध, खोवा, मिठाई खाने से पेट संबंधी बीमारियां, फूड पॉइजनिंग, अल्सर-दस्त और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। लंबे समय तक ऐसे पदार्थों के सेवन से शरीर के महत्वपूर्ण अंगों पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। विभाग ने अमानक पाए गए मामलों में प्रकरण बनाकर न्यायालय में पेश किया है, जिनमें कई पर कार्रवाई चल रही है। इस साल कार्रवाई के दौरान कई प्रतिष्ठानों पर भारी जुर्माना भी लगाया गया है। स्पेशल रेस्टोरेंट पर 1 लाख, कुरुदभुरी और चेक पोस्ट स्थित होटल पर 50-50 हजार, नेचुरल स्वीट्स पर 20 हजार, सरौन डेयरी पर 20 हजार और मानिकपुर निर्मल डेयरी पर 35 हजार का जुर्माना लगाया गया है। ये भी पढ़ें:पेयजल संकट पर बवाल: महापौर के दफ्तर में गंदे पानी का गिलास रखकर जताया विरोध, एक महीने से परेशान हैं लोग अभिहित अधिकारी अर्जित कुमार ने बताया कि खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत मिलावट पर सख्त सजा का प्रावधान है। असुरक्षित और जानलेवा पाए जाने पर मामला सीधे कोर्ट जाता है, जिसमें स्वास्थ्य को नुकसान न होने पर 1 लाख, गंभीर बीमारी पर 3 लाख और उपभोक्ता की मृत्यु होने पर उम्रकैद और 10 लाख तक जुर्माना हो सकता है। कलेक्टर कुणाल दुदावत और आयुक्त दीपक अग्रवाल के निर्देश पर तहसीलदार अतुल वैष्णव के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने सोमवार की देर शाम 4 प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 13 हजार का जुर्माना वसूला और काजू कतली सहित कई सैंपल जांच के लिए लिए हैं।

#CityStates #Crime #Chhattisgarh #Korba #AdulterationInFoodItems #FoodSampleFails #FoodSample #SubstandardSample #PatanjaliDesiGhee #HaldiramRasgulla #FoodAndDrugAdministration #FoodSafetyDepartment #InspectionOfSweets #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 03, 2026, 08:35 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




कोरबा: त्योहारी सीजन में सेहत के साथ खिलवाड़, हर छठा सैंपल फेल, पतंजलि और हल्दीराम जैसे ब्रांड भी अमानक #CityStates #Crime #Chhattisgarh #Korba #AdulterationInFoodItems #FoodSampleFails #FoodSample #SubstandardSample #PatanjaliDesiGhee #HaldiramRasgulla #FoodAndDrugAdministration #FoodSafetyDepartment #InspectionOfSweets #VaranasiLiveNews