बिहार: मुंगेर में छत से अंधाधुंध फायरिंग, काली प्रतिमा विसर्जन देखकर लौट रहे 16 साल के किशोर को लगी गोली
बिहार के मुंगेर में मामूली विवाद के बाद दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। सफियासराय थाना क्षेत्र के हलिमपुर गांव में मंगलवार को कहासुनी और मारपीट के बाद एक पक्ष की ओर से छत से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इस दौरान काली प्रतिमा का विसर्जन देखकर लौट रहा 16 वर्षीय किशोर गोली लगने से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसपी सैयद इमरान मसूद और पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और खोखे बरामद किए हैं। विसर्जन देखकर लौट रहे किशोर पर चली गोली घायल गुड्डू कुमार धीरेंद्र मंडल का पुत्र है। परिजनों के अनुसार, वह अपने छोटे भाई प्रिंस और दोस्तों के साथ मां काली की प्रतिमा का विसर्जन देखने गया था। इसी दौरान प्रिंस और स्थानीय युवक आदित्य कुमार व उसके छोटे भाई राहुल कुमार के बीच कहासुनी हो गई। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट की नौबत आ गई। समझाने पहुंचे परिजनों के सामने फायरिंग का आरोप गुड्डू के मुताबिक, विवाद की जानकारी मिलने पर वह और उसके परिजन आरोपितों के घर समझाने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान छत से गाली-गलौज करते हुए फायरिंग शुरू कर दी गई। एक गोली गुड्डू के दाहिने पैर में लगी। घायल किशोर ने आरोप लगाया कि आदित्य लाइसेंसी राइफल से फायरिंग कर रहा था, जबकि राहुल डंडे से मारपीट कर रहा था। गंभीर हालत में अस्पताल रेफर गोली लगने के बाद परिजन गुड्डू को सफियासराय स्थित निजी अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मुंगेर सदर अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। एसपी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची गोलीबारी की सूचना मिलते ही एसपी सैयद इमरान मसूद, सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद और कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू की। इसके बाद आरोपितों के घर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक लाइसेंसी राइफल, एक अवैध हथियार और छत से चार खोखे बरामद किए। दो आरोपी गिरफ्तार, डेढ़ महीने से चल रहा था विवाद एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पत्रकार केएम राज के पुत्र आदित्य कुमार और धीरेंद्र मंडल के पुत्र गुड्डू कुमार के बीच करीब डेढ़ महीने से विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई। इसी दौरान फायरिंग में गुड्डू घायल हो गया। एसपी के अनुसार, मामले में केएम राज के भाई राहुल कुमार और उनके भांजे पुष्कर को गिरफ्तार किया गया है। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। बरामद हथियारों और खोखों की भी जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
#CityStates #Bihar #Munger #MungerNews #BiharNews #FiringIncident #CrimeNews #SafiasaraiPolice #KaliIdolImmersion #PoliceInvestigation #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 10, 2026, 23:36 IST
बिहार: मुंगेर में छत से अंधाधुंध फायरिंग, काली प्रतिमा विसर्जन देखकर लौट रहे 16 साल के किशोर को लगी गोली #CityStates #Bihar #Munger #MungerNews #BiharNews #FiringIncident #CrimeNews #SafiasaraiPolice #KaliIdolImmersion #PoliceInvestigation #VaranasiLiveNews
