Una News: 101 साल की विश्वा देवी ने निभाया लोकतंत्र का धर्म

दौलतपुर चौक (ऊना)। गगरेट विधानसभा क्षेत्र में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के दौरान लोकतंत्र के प्रति लोगों की आस्था और जिम्मेदारी की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। ब्रह्मपुर पंचायत की 101 वर्षीय विश्वा देवी ने उम्र की तमाम चुनौतियों को पीछे छोड़ मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उनका यह जज्बा क्षेत्रभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।विश्वा देवी देश की आजादी के बाद हुए कई लोकसभा, विधानसभा और पंचायत चुनावों की साक्षी रही हैं। उन्होंने बदलते दौर और लोकतंत्र के विभिन्न पड़ावों को करीब से देखा है। उम्र के इस पड़ाव पर भी मतदान के प्रति उनका उत्साह युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आया। परिजनों के सहारे मतदान केंद्र पहुंचीं विश्वा देवी को देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने उनके जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि जब 101 वर्ष की महिला लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदान कर सकती हैं तो युवाओं को भी अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करना चाहिए। विश्वा देवी ने मतदान के बाद कहा कि वोट केवल अधिकार नहीं बल्कि देश और समाज के प्रति हर नागरिक की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने लोगों से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।---वहीं 73 वर्षीय कृष्ण दत्त शर्मा ने मतदान करने के बाद कहा कि उन्होंने जीवन में अनेक चुनाव देखे हैं और हर बार अपने मत का प्रयोग किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता के वोट में होती है और हर व्यक्ति को बिना किसी दबाव या लालच के मतदान करना चाहिए।---बुजुर्ग मतदाता राणो देवी ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि मतदान के दिन सभी को अपने काम छोड़कर पहले वोट डालना चाहिए।---76 वर्षीय दिलेर सिंह ने कहा कि गांव और देश के विकास के लिए सही प्रतिनिधि चुनना जरूरी है और यह तभी संभव है, जब हर नागरिक मतदान करे। वहीं ब्रह्मपुर की 76 वर्षीय शारदा देवी ने कहा कि उम्र कभी भी लोकतंत्र के प्रति कर्तव्य निभाने में बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने कहा कि जब तक शरीर साथ देगा, वह हर चुनाव में मतदान करती रहेंगी।

#UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 28, 2026, 23:10 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: 101 साल की विश्वा देवी ने निभाया लोकतंत्र का धर्म #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews