कपालमोचन मेले को लेकर तैयारियां तेज, व्यासपुर से मेला स्थल तक चलाया सफाई अभियान

गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में कपालमोचन में 20 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले अंतरराज्यीय मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए कपालमोचन, ऋणमोचन और सूरजकुंड सरोवरों में पवित्र जल भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है। वहीं, मेले तक पहुंचने वाले रास्तों को साफ-सुथरा बनाने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को व्यासपुर से कपालमोचन तक सड़क के दोनों ओर फैले कूड़े, प्लास्टिक और पॉलिथीन को एकत्रित करने का कार्य शुरू किया गया। ग्राम पंचायत व्यासपुर की ओर से चलाए जा रहे इस सफाई अभियान के तहत शिव चौक से लेकर मेला कपालमोचन की सीमा तक सड़क के दोनों तरफ फैली गंदगी और प्लास्टिक की थैलियों को हटाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। ग्राम पंचायत व्यासपुर की सरपंच कीर्ति रानी ने बताया कि मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं का गांव व्यासपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। श्रद्धालुओं को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाना पंचायत की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पूरे मार्ग की सफाई करवाई जा रही है, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि सफाई अभियान को प्रभावी ढंग से पूरा करवाने के लिए पंचायत की ओर से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। पंचायत सदस्य डॉ. सुभाष चंद्र भी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर अपनी देखरेख में सफाई कार्य करवा रहे हैं। पंचायत का प्रयास है कि मेले के दौरान व्यासपुर से कपालमोचन तक पूरा मार्ग स्वच्छ और सुंदर दिखाई दे तथा बाहर से आने वाले श्रद्धालु यहां से अच्छा संदेश लेकर लौटें।

कपालमोचन मेले को लेकर तैयारियां तेज, व्यासपुर से मेला स्थल तक चलाया सफाई अभियान #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 13, 2026, 13:27 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


कपालमोचन मेले को लेकर तैयारियां तेज, व्यासपुर से मेला स्थल तक चलाया सफाई अभियान #VaranasiLiveNews