न्यूज डायरी: आरएसएस ने कहा- विरोध करने का हक सबको, देश-विरोधी ताकतों से रहना होगा सावधान
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने लोकतांत्रिक विरोध और नागरिकों के सवाल उठाने के अधिकार का समर्थन करते हुए सार्वजनिक प्रदर्शनों के दुरुपयोग को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने शनिवार को कहा कि हर नागरिक को देश से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाने और अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन यह भी जरूरी है कि देश-विरोधी ताकतें ऐसे प्रदर्शनों का गलत फायदा न उठा सकें। इंदौर में दो नवंबर से शुरू होने वाली संघ की वार्षिक बैठक से पहले पत्रकारों से बातचीत में आंबेकर ने कहा कि किसी मुद्दे पर सवाल उठाने वालों को संघ का समर्थक या विरोधी मानना उचित नहीं है। संघ इस बात पर नजर रख रहा है कि सार्वजनिक विरोध-प्रदर्शनों का इस्तेमाल गलत उद्देश्यों के लिए न हो।यूजीसी सर्कुलर को बताया असंतुलित: यूजीसी के विवादित नियमों और सर्कुलर पर आंबेकर ने कहा कि संघ पहले ही इन्हें असंतुलित बता चुका है। अदालत भी इन नियमों पर रोक लगा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर आगे जो भी निर्णय हो, वह संतुलित होना चाहिए और सरकार को इसे सुनिश्चित करना चाहिए। नौसेना के युद्धपोत आईएनएस केसरी में अचानक पानी भरा आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में नौसेना डॉकयार्ड में खड़े भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस केसरी में शनिवार दोपहर को अचानक पानी भरने लगा। इस घटना में किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान या जवानों के घायल होने की खबर नहीं है। जहाज पर मौजूद सभी कर्मी पूरी तरह सुरक्षित हैं। नौसेना की तकनीकी टीमों ने मौके पर मोर्चा संभालते हुए पानी निकालने के लिए बड़े स्तर पर पंपिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है। नौसेना के प्रवक्ता के अनुसार, जहाज के भीतर पानी घुसने की सूचना मिलते ही सुरक्षा तंत्र को तुरंत सतर्क कर दिया गया।
#IndiaNews #National #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 01, 2026, 02:50 IST
न्यूज डायरी: आरएसएस ने कहा- विरोध करने का हक सबको, देश-विरोधी ताकतों से रहना होगा सावधान #IndiaNews #National #VaranasiLiveNews
