दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए 11वीं के दो छात्र रेलवे डैम में डूबे, तलाश जारी

रक्सा थाने के गढ़िया मोहल्ला स्थित रेलवे डैम में रविवार शाम पिकनिक मनाने गए माउंट लिटरा जी स्कूल के 11वीं कक्षा के दो छात्र डूब गए जबकि दो को वहां मौजूद चरवाहे ने किसी तरह बचा लिया। चारों दोस्त ट्यूशन पढ़ने के बहाने घर से निकले थे। हादसे की सूचना पर पुलिस भी जा पहुंची। दमकल को भी बुला लिया गया। देर-शाम तक तलाश करने पर भी डैम में डूबे छात्रों का पता नहीं चल सका। उनकी तलाश के लिए जालौन से एसडीआरएफ टीम बुलाई गई है। परिवार के लोग भी रोते-बिखलते पहुंच गए। प्रेमनगर के महावीरन मोहल्ला निवासी श्रवण तिवारी (19) पुत्र विजय, लहर गिर्द निवासी शौर्य (18) पुत्र वेदांत, प्रेमगंज निवासी वेदांश यादव (18) पुत्र विश्वजीत यादव एवं नगरा निवासी आतिफ मंसूरी (19) पुत्र शहजाद माउंट जी लिट्रा स्कूल में 11वीं के छात्र हैं। उनकी परीक्षाएं खत्म हो चुकी हैं। चारों प्रेमनगर इलाके में एक स्थान पर ट्यूशन पढ़ते थे। रविवार शाम चारों ट्यूशन के लिए घर से निकले थे। लेकिन ट्यूशन न जाकर बाइक से चारों गढ़िया गांव स्थित सुनसान इलाके में रेलवे डैम जा पहुंचे। डैम के किनारे एक नाव रखी थी। नाव लेकर चारों डैम में उतर गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि नाव में खड़े होकर छात्र रील बना रहे थे। इस वजह से नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। डैम में चारों डूबने लगे। शोर शराबा सुनकर बकरी चारा रहा कल्लू केवट अपनी नाव लेकर बचाने जा पहुंचा। श्रवण और शौर्य थोड़ा-बहुत तैर लेते थे। इस वजह से उसने उनको किसी तरह बचा लिया लेकिन, वेदांश एवं आतिफ डैम के गहरे पानी में समा गए। कल्लू ने बाहर आकर घटना की सूचना पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में सीओ सदर रामवीर सिंह, सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम समेत रक्सा पुलिस मौके पर जा पहुंची। दमकल टीम की मौजूदगी में काफी देर तक लापता छात्रों को तलाशा गया लेकिन, उनका पता नहीं चल सका। सीओ रामवीर सिंह का कहना है कि छात्रों की तलाश में जालौन से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया है। सोमवार को फिर से बचाव कार्य चलाया जाएगा।

दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए 11वीं के दो छात्र रेलवे डैम में डूबे, तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 06, 2026, 11:13 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए 11वीं के दो छात्र रेलवे डैम में डूबे, तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी #VaranasiLiveNews