यूपी: सीएम योगी बोले- बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड, यहां बनेगा तो मांग खुद बढ़ेगी; ट्रैक्टर प्लांट का उद्घाटन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड बन चुका है। अगर कंपनियां यहां बुलडोजर और ट्रैक्टर बनाएंगी, तो देश विदेश में इसकी मांग स्वतः ही बढ़ेगी।मुख्यमंत्री गुरुवार को सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के भूमि पूजन समारोह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में 1220 करोड़ से अधिक की लागत से यह प्लांट स्थापित हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज की जगह अब कानून का राज स्थापित हुआ है। अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति और बुलडोजर की कार्रवाई ने यूपी को निवेश का प्रमुख केंद्र बना दिया है। मुख्यमंत्री ने जेवर क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि जिस इलाके में कभी गोलियां चलती थीं और जो अपराध दर में सबसे ज्यादा बदनाम था, वही जेवर आज भारत के गहने के रूप में निवेश का सर्वश्रेष्ठ गंतव्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि नोएडा हवाई अड्डे और यीडा के विकास से यहां एचसीएल फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं आकार ले रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के सामने पलायन, पिछड़ेपन और अराजकता जैसे कई प्रश्न थे। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य उपद्रव से उत्सव प्रदेश बन गया है। उत्तर प्रदेश ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, फियरलेस बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि राज्य टॉप अचीवर रहा है और डीरेग्युलेशन में देश में प्रथम स्थान पर है। कभी बीमारू राज्यों में गिना जाने वाला यूपी देश की टॉप तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है। सीएम ने की स्थानीय किसानों की तारीफ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जेवर के किसानों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग के बिना क्षेत्र में विकास की यह यात्रा संभव नहीं हो पाती। उन्होंने औद्योगिक विकास में किसानों के योगदान को अहम बताया। वहीं जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि जिस जमीन पर किसान पीढ़ियों से फसलें उगाते आए हैं, अब उसी धरती पर दुनिया के किसानों के लिए आधुनिक ट्रैक्टर तैयार होंगे। उन्होंने सीएनएच के वैश्विक नेतृत्व से स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग की। साथ ही युवाओं को औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में सीएनएच इंडस्ट्रियल एनवी की निदेशक मंडल की अध्यक्ष सुजैन हेवुड, सीईओ गेरिट मार्क्स और सीएनएच इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक नरिंदर मित्तल मौजूद रहे। इसके अलावा औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, भाजपा पश्चिम क्षेत्र अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा और दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

#CityStates #Noida #ChiefMinisterYogiAdityanath #Jewar #TractorPlantInJewar #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 13, 2026, 02:37 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




यूपी: सीएम योगी बोले- बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड, यहां बनेगा तो मांग खुद बढ़ेगी; ट्रैक्टर प्लांट का उद्घाटन #CityStates #Noida #ChiefMinisterYogiAdityanath #Jewar #TractorPlantInJewar #VaranasiLiveNews