पानीपत में पांच लाख की लूट की झूठी कहानी का भंडाफोड़, पुरानी रंजिश में मारपीट को दिया था डकैती का रूप
सेक्टर 11-12 में सोमवार देर शाम हुई कथित पांच लाख रुपये की लूट की वारदात जांच में पूरी तरह से मनगढ़ंत और झूठी निकली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह कोई लूट की घटना नहीं थी, बल्कि पुरानी रंजिश के चलते हुआ झगड़ा था। रंजिश के तहत आरोपी पक्ष को संगीन मामले में फंसाने और झगड़े को बड़ा रूप देने के लिए पीड़ित ने लूट की पूरी साजिश रची थी। डीएसपी प्रदीप यादव ने बताया कि सोमवार शाम करीब आठ बजे सेक्टर 11 में सौरभ आनंद नामक युवक पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। वारदात के तुरंत बाद पीड़ित सौरभ ने पुलिस को सूचना दी कि हमलावरों ने उससे पांच लाख रुपये लूट लिए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को वारदात स्थल से ही तीन लाख रुपये बरामद हो गए, जो पीड़ित के पास ही मौजूद थे। डीएसपी यादव ने स्पष्ट किया कि वारदात के समय पीड़ित के पास केवल वही राशि थी और लूट की कोई घटना घटित नहीं हुई है। पीड़ित ने आपसी झगड़े व रंजिश को डकैती का रूप देने के लिए पांच लाख की लूट की झूठी कहानी तैयार की थी। पुलिस के पास फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
पानीपत में पांच लाख की लूट की झूठी कहानी का भंडाफोड़, पुरानी रंजिश में मारपीट को दिया था डकैती का रूप #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 27, 2026, 10:22 IST
पानीपत में पांच लाख की लूट की झूठी कहानी का भंडाफोड़, पुरानी रंजिश में मारपीट को दिया था डकैती का रूप #VaranasiLiveNews
