बाराबंकी में पेट्रोल पंप से तिजोरी चोरी का खुलासा, आरोपी पंप कर्मी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
यूपी के बाराबंकी में 13 अप्रैल की रात पेट्रोल पंप से रुपयों से भरी तिजोरी चोरी होने का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना रामनगर कोतवाली क्षेत्र के दलसराय स्थित पेट्रोल पंप की है। पुलिस के मुताबिक, 13 अप्रैल की रात करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच चोरी हुई थी। आरोपी की पहचान क्षेत्र के ही तारापुर गुमान निवासी मोनू विश्वकर्मा निकला। वह इसी पेट्रोल पंप का कर्मी है। बताया गया कि मोनू करीब दो साल से पेट्रोल पंप पर काम कर रहा था। वाहनों में हवा भरने की जिम्मेदारी संभालता था। इस दौरान उसे पेट्रोल पंप की पूरी व्यवस्था की जानकारी हो गई थी। नकदी कब आती है, कब रखी जाती है और कहां सुरक्षित रहती है। इसी अंदरूनी जानकारी का फायदा उठाते हुए उसने वारदात को अंजाम दिया। तिजोरी चोरी करने के बाद आरोपी उसे अपने घर के पास ले गया और जमीन में गाड़ दिया। इसके बाद वह लगातार दो दिनों तक तिजोरी तोड़ने की कोशिश करता रहा, लेकिन कामयाब नहीं हो सका। इस बीच उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस को शक हुआ। निगरानी और पूछताछ के बाद आखिरकार पुलिस ने उसे दबोच लिया और पूरे मामले का पर्दाफाश हो गया। इस मामले में सीओ गरिमा पंत और कोतवाल अनिल कुमार पांडेय ने लगातार करीब 60 लोगों से पूछताछ की। एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे नेटवर्क और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जाएगा।
बाराबंकी में पेट्रोल पंप से तिजोरी चोरी का खुलासा, आरोपी पंप कर्मी को पुलिस ने किया गिरफ्तार #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 16, 2026, 13:40 IST
बाराबंकी में पेट्रोल पंप से तिजोरी चोरी का खुलासा, आरोपी पंप कर्मी को पुलिस ने किया गिरफ्तार #VaranasiLiveNews
