पंजाब: अक्तूबर में यह शहर रहा सबसे अधिक प्रदूषित, चंडीगढ़ की हवा साफ; इन शहरों में एनसीपीसी लागू
पंजाब में अक्तूबर के दौरान जालंधर सबसे अधिक प्रदूषित शहर रहा, जबकि राजधानी चंडीगढ़ की हवा अपेक्षाकृत साफ रही। हरियाणा के यमुनानगर में भी वायु प्रदूषण का स्तर चिंताजनक रहा। यहां पीएम 2.5 का औसत स्तर राष्ट्रीय मानक से दोगुने से भी अधिक दर्ज किया गया। सेंटर ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (सीईआरए) की रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, अक्तूबर में जालंधर में पीएम 2.5 का औसत स्तर 65 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा। राष्ट्रीय परिवेशी वायु गुणवत्ता मानक के तहत इसकी अधिकतम सीमा 40 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर निर्धारित है। इस तरह जालंधर में प्रदूषण का स्तर तय मानक से 62.5 फीसदी अधिक रहा। वहीं, हरियाणा के यमुनानगर में पीएम 2.5 का औसत स्तर 82 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। देश में केवल उत्तर प्रदेश के बड़ौत में यह स्तर यमुनानगर से अधिक 87 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा। पीएम 2.5 हवा में मौजूद 2.5 माइक्रोमीटर या इससे छोटे सूक्ष्म कण होते हैं। ये सांस के जरिये फेफड़ों में गहराई तक पहुंच सकते हैं और रक्त प्रवाह में भी प्रवेश कर सकते हैं। इनका अधिक स्तर सांस और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ाता है। चंडीगढ़ में राष्ट्रीय मानक से कम रहा प्रदूषण पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में अक्तूबर के दौरान पीएम 2.5 का औसत स्तर 27 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा, जो राष्ट्रीय मानक 40 से कम है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में यह स्तर 13 और मिजोरम की राजधानी आइजोल में महज चार माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। इस लिहाज से आइजोल देश के सबसे साफ शहरों में रहा। उद्योग, वाहन और पराली प्रदूषण के प्रमुख स्रोत रिपोर्ट में उद्योगों, वाहनों और फसल अवशेष जलाने को वायु प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों में शामिल किया गया है। पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं के साथ औद्योगिक गतिविधियां और वाहनों से निकलने वाला धुआं भी हवा की गुणवत्ता प्रभावित करता है। केंद्र सरकार ने पंजाब के नौ शहरों- डेराबस्सी, मंडी गोबिंदगढ़, जालंधर, खन्ना, लुधियाना, नया नंगल, पठानकोट, पटियाला और अमृतसर को गैर-प्राप्ति शहरों की सूची में शामिल किया है। ये वे शहर हैं, जो निर्धारित अवधि में राष्ट्रीय परिवेशी वायु गुणवत्ता मानकों को पूरा नहीं कर पाए। इन शहरों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) लागू किया गया है।
#CityStates #Chandigarh-punjab #Punjab #Jalandhar #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 08, 2026, 06:39 IST
पंजाब: अक्तूबर में यह शहर रहा सबसे अधिक प्रदूषित, चंडीगढ़ की हवा साफ; इन शहरों में एनसीपीसी लागू #CityStates #Chandigarh-punjab #Punjab #Jalandhar #VaranasiLiveNews
