डाइट नाहन में शिक्षण अधिगम सामग्री पर कार्यशाला और प्रदर्शनी का आयोजन

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) नाहन में डीएलएड प्रशिक्षुओं के लिए एक दिवसीय शिक्षण अधिगम सामग्री कार्यशाला व प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भावी शिक्षकों को आधुनिक और प्रभावी शिक्षण तकनीकों से अवगत कराना था। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा व गुणवत्ता शिक्षा उपनिदेशक व जिला परियोजना अधिकारी रीता गुप्ता ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की, जबकि प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक व डाइट के प्रधानाचार्य राजीव ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया। इसके बाद डीएलएड प्रशिक्षुओं ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी। शूलिनी विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ प्रो. अभिषेक सिंघल ने शिक्षण में तकनीक के समावेश पर विशेष सत्र लिए। उन्होंने बताया कि कैसे आधुनिक गैजेट्स और सॉफ्टवेयर को पारंपरिक शिक्षण सामग्री के साथ जोड़ा जा सकता है। विशेषकर एआई तकनीक का उपयोग टीएलएम बनाने के लिए कैसे किया जाए, इसके बारे में विस्तार से बताया। दोपहर के सत्र में शूलिनी विश्वविद्यालय की आउटरीच हेड शिखा सूद और लेखराज ठाकुर के मार्गदर्शन में प्रशिक्षुओं ने स्वयं शिक्षण सामग्री तैयार करने का अभ्यास किया। डाइट के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. एलडी राही ने टीएलएम की महत्ता पर परिचयात्मक सत्र प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन और समन्वय डॉ. नम्रता जोशी द्वारा किया गया। कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षुओं की ओर से बनाई गई विभिन्न प्रकार की शिक्षण सामग्रियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। विशेषज्ञों ने इन सामग्रियों का निरीक्षण किया और बताया कि कैसे कम लागत में बेहतर टीएलएम बनाकर बच्चों के लिए शिक्षा को मनोरंजक बनाया जा सकता है। अंत में, सभी प्रतिभागियों को सामग्री वितरित की गई।

डाइट नाहन में शिक्षण अधिगम सामग्री पर कार्यशाला और प्रदर्शनी का आयोजन #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 17, 2026, 16:50 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


डाइट नाहन में शिक्षण अधिगम सामग्री पर कार्यशाला और प्रदर्शनी का आयोजन #VaranasiLiveNews