ध्रुपद मेला की चौथी निशा में लार्स मोलर ने सेक्सोफोन से किया मुरीद
भगवान शिव को समर्पित अंतर्राष्ट्रीय ध्रुपद मेला में चौथे निशा में शनिवार को देश-विदेश के कलाकारों ने हाजिरी लगाई। डेनमार्क के लार्स मोलर के सेक्सोफोन और अरिजीत बनर्जी ने पखावज पर ताल धमार की लयकारियों से सभी को मुरीद बनाया। प्रख्यात ध्रुपद गायक उस्ताद वासिफुद्दीन डागर और संतूर वादन पं. अभय रुस्तम सोपोरी ने देर रात सुर-साज से शिव साधना की। काशी राज परिवार के अनंत नारायण सिंह एवं संकटमोचन मंदिर के महंत व आयोजक प्रो. विश्वम्भरनाथ मिश्र ने भी सुधीजनों और भगवान शिव संग संगीत का श्रवण किया। संगीत निशा की शुरुआत गुंदेचा बंधुओं की शिष्या धानी गुंडेचा के ध्रुपद गायन से हुआ। राग पुरिया धनाश्री में आलाप के साथ चौताल में निबद्ध रचना के बाद सूलताल की बंदिश सुनाई। पखावज पर पुणे के ध्यानेश्वर देशमुख एवं तानपुरे पर मुग्धा पंड्या और अनुजा यादव ने संगत की। दूसरी प्रस्तुति डेनमार्क के कलाकार लार्स मोलर के सेक्सोफोन वादन की रही। राग जोग चौताल में निबद्ध रचना के बाद तीवरा में बंदिश को धुनों में पिरोया। पखावज पर सुखद मुंडे ने संगत की। तीसरी प्रस्तुति में तरुण कलाकार अरिजीत बनर्जी ने स्वतंत्र पखावज वादन से प्रभावित किया। ताल धमार को विविध लयकारियों में निबद्ध कर सुधीजनों का मन मोह लिया।
ध्रुपद मेला की चौथी निशा में लार्स मोलर ने सेक्सोफोन से किया मुरीद #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 15, 2026, 16:55 IST
ध्रुपद मेला की चौथी निशा में लार्स मोलर ने सेक्सोफोन से किया मुरीद #VaranasiLiveNews
