गोंडा: टाउनहाल में 15 से 24 नवंबर तक खादी और ग्रामोद्योग प्रदर्शनी, 16 से सरस मेला भी
गोंडा: गांधी पार्क स्थित टाउनहाल परिसर में 15 नवंबर से दो अलग-अलग मेले शुरू होंगे। खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से 15 से 24 नवंबर तक मंडल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी लगाई जाएगी। वहीं, 16 से 20 नवंबर तक पांच दिवसीय मंडल स्तरीय सरस मेले का आयोजन होगा। दोनों आयोजनों का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों और ग्रामीण उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराना है। खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में करीब 120 स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें गोंडा की खादी संस्थाओं और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के साथ आसपास के जिलों और दूसरे प्रदेशों के उद्यमियों के उत्पाद भी बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। सहारनपुर का फर्नीचर, फिरोजाबाद की चूड़ियां, बनारस की रेशमी साड़ियां, प्रतापगढ़ का आंवला, कश्मीर और भागलपुर के ऊनी कपड़े, शॉल व सदरी आकर्षण का केंद्र होंगे। प्रयागराज के जड़ी-बूटी और अन्य ग्रामोद्योग उत्पाद भी प्रदर्शनी में मिलेंगे। वहीं, सरस मेले में गोंडा के अलावा बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने उत्पादों के साथ प्रतिभाग करेंगी। मंडल के प्रत्येक जिले के विकासखंडों से कम से कम दो स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मेले का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं के बनाए उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना और उनके आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा देना है। खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रदर्शनी में स्थानीय उत्पादों के साथ विभिन्न प्रदेशों के उद्यमियों को भी अवसर दिया गया है। सरस मेले के आयोजन से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को भी अपने उत्पादों की बिक्री का मंच मिलेगा। दोनों आयोजनों से परिसर में दस दिनों तक खरीदारी और ग्रामीण उत्पादों की विविधता देखने को मिलेगी।
गोंडा: टाउनहाल में 15 से 24 नवंबर तक खादी और ग्रामोद्योग प्रदर्शनी, 16 से सरस मेला भी #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 14, 2026, 11:21 IST
गोंडा: टाउनहाल में 15 से 24 नवंबर तक खादी और ग्रामोद्योग प्रदर्शनी, 16 से सरस मेला भी #VaranasiLiveNews
