सोनीपत: फोन पर रंगदारी मांगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार

जिला पुलिस की एंटी गैंगस्टर यूनिट सेक्टर-7 ने फोन चोरी करने के बाद उसी के व्हाट्सएप से कॉल कर रंगदारी मांगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार के सभी शार्प शूटर हैं और विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टरों के निर्देश पर हरियाणा और दिल्ली के व्यापारियों से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांग रहे थे। सभी शूटर सोनीपत में बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने सभी को धर-दबोचा। फिलहाल पुलिस ने इनके नामों का खुलासा नहीं किया है। एसीपी अजीत सिंह के अनुसार बहालगढ़ स्थित फूड सप्लीमेंट की दुकान पहल न्यूट्रिशन के संचालक से रणदीप मलिक गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक आरोपी मौके की रेकी कर रहा है, जबकि अन्य साथी वारदात में शामिल होने वाले हैं। इसके अलावा बड़े स्तर पर अवैध हथियार भी मंगवाने की तैयारी भी चल रही है, लेकिन वारदात को अंजाम देने से पहले ही पांच शूटरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक की पहचान आकाश के रूप में हुई है, जिस पर पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपी दिल्ली के नरेला क्षेत्र के मामूरपुर के रहने वाले बताए जाते हैं। एसीपी ने कहा कि सुरक्षा कारणों और जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल इनके नामों का खुलासा नहीं किया जा रहा है। पुलिस ने सभी को कोर्ट में पेश किया, जहां से दो को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि तीन को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।

सोनीपत: फोन पर रंगदारी मांगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 28, 2026, 20:41 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


सोनीपत: फोन पर रंगदारी मांगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार #VaranasiLiveNews