VIDEO: यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए स्ट्रांग रूम से कंट्रोल रूम तक 24 घंटे निगरानी, मोबाइल बैन
गाजीपुर में माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। शुक्रवार को जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की मौजूदगी में ऑडिटोरियम सभागार में अहम बैठक हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा 18 फरवरी 2026 से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेगी। जिले में हाईस्कूल में करीब 67 हजार और इंटरमीडिएट में करीब 70 हजार, कुल लगभग 1.37 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए 196 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 29 अति संवेदनशील और 63 संवेदनशील केंद्र हैं। निगरानी के लिए जिले को 12 जोन, 32 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 8 सचल दल और फ्लाइंग स्क्वायड टीमों में बांटा गया है। डीएम ने प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए। कहा कि प्रश्नपत्र पुलिस अभिरक्षा में सीसीटीवी निगरानी वाले सुरक्षित स्थान पर रखे जाएंगे। परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र डबल लॉक वाली स्टील/लोहे की अलमारी में रखे जाएंगे। यह अलमारी स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और बाह्य केंद्र व्यवस्थापक की संयुक्त उपस्थिति में ही खुलेगी और हर बार पेपर सील से बंद होगी। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर एक से अधिक रास्ते होने पर तत्काल उन्हें सील कराया जाए। केंद्र के 100-200 मीटर की परिधि में कोई अनधिकृत व्यक्ति या असलहा किसी भी दशा में मौजूद नहीं रहेगा। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका पर तत्काल पुलिस बल और कंट्रोल रूम को सूचना दी जाए। बैठक के बाद डीएम व एसपी ने संयुक्त रूप से राजकीय सिटी इंटर कॉलेज में बने मॉनिटरिंग सेल और कंट्रोल रूम का स्थलीय निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए।
VIDEO: यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए स्ट्रांग रूम से कंट्रोल रूम तक 24 घंटे निगरानी, मोबाइल बैन #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 14, 2026, 11:20 IST
VIDEO: यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए स्ट्रांग रूम से कंट्रोल रूम तक 24 घंटे निगरानी, मोबाइल बैन #VaranasiLiveNews
