Bihar: बिहार में नोएडा जैसा हादसा, मौत; अंधेरे में घुमावदार रास्ते का अंदाज नहीं मिला, नहर में बुलेट समेत गिरा
सारण प्रमंडल के सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सत्यनारायण मोड़ के पास घुमावदार सड़क पर अनियंत्रित होकर एक बुलेट सवार युवक नहर में जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय युवक बुलेट मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान घुमावदार सड़क पर उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नहर में जा गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क पर आवागमन कम होने के कारण वह काफी देर तक नहर में ही पड़ा रहा, जिससे उसे समय पर इलाज नहीं मिल सका। मृतक की हुई पहचान मृतक की पहचान गोपालगंज थाना क्षेत्र के कनकरकुन्द निवासी मो. रहमत अली के पुत्र असलम आलम के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, असलम किसी जरूरी काम से निकला था और तेतहली होते हुए सत्यनारायण मोड़ के रास्ते गोपालगंज लौट रहा था। बताया जा रहा है कि मोड़ के पास सड़क काफी घुमावदार और खतरनाक है। सही जानकारी नहीं होने के कारण असलम अपनी बुलेट मोटरसाइकिल सहित नहर में गिर पड़ा, जिससे यह हादसा हो गया। देर से मिली मदद, नहीं बच सकी जान हादसे के बाद कुछ समय तक वहां से कोई राहगीर नहीं गुजरा। बाद में एक व्यक्ति की नजर घायल युवक पर पड़ी, जिसने तुरंत बड़हरिया थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नहर से निकालकर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ये भी पढ़ें:नई सरकार के गठन से पहले किन नेताओं को मिला VIP का दर्जा; विधान सभा समितियों में ओहदा पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए बड़हरिया थाना प्रभारी छोटन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही गश्ती दल को घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और परिजनों को इसकी सूचना दी गई। परिजनों के पहुंचने के बाद शव की पहचान कर उन्हें सौंप दिया गया। जांच जारी, लोगों ने उठाई सुरक्षा की मांग प्रथम दृष्टया यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि उस खतरनाक घुमावदार मोड़ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
#CityStates #Crime #Bihar #Saran #BiharNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 01, 2026, 06:41 IST
Bihar: बिहार में नोएडा जैसा हादसा, मौत; अंधेरे में घुमावदार रास्ते का अंदाज नहीं मिला, नहर में बुलेट समेत गिरा #CityStates #Crime #Bihar #Saran #BiharNews #VaranasiLiveNews
