अपने हिस्से का इतिहास लिखती स्त्रियां: दलित स्त्री लेखन से राजनीतिक संस्मरणों तक में महिलाओं के संघर्ष-अनुभव

सोनिया गांधी की बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव शीर्ष राजनैतिक परिवेश में लिखे गए संस्मरणों का संकलन है। लिहाजा, इनके कथात्मक साहित्यिक शैली में होने की अपेक्षा करना ज्यादती होगी। यह खास इसलिए है कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के परिवार की यह पहली स्त्री आत्मकथा है, जो व्यक्ति, परिवार और राजनीति की तस्वीरें, झांकियों की तरह पेश करती है। यथा नाम तथा गुण के अनुसार, किताब में सोनिया और राजीव गांधी की प्रेम कहानी से लेकर 13 जनवरी, 1968 को सोनिया गांधी के दिल्ली आने, गांधी परिवार का हिस्सा बनने और उसके बाद से अब तक उनके जीवन में हुए तमाम महत्वपूर्ण घटनाक्रम दर्ज हैं। लेकिन, सवाल यह है कि राजनीति के आसमान से उतरती यह रोशनी जुड़ेगी किन तिमिर मग्न महिला संस्मरणों से नेहरू परिवार से बाहर और उनके समकालीन कांग्रेसी नेता बाबू जगजीवन राम की पत्नी इंद्राणी ने तीन भागों में देखी सुनी बीती बातें शीर्षक से आत्मकथा लिखी। वह लिखती हैं, संभवत: मेरे मन में यह विचार आया कि मुझे एक समाजसेवी-परोपकारी पिता की बेटी, संत पिता की पुत्रवधू, गौरवशाली पुरुष की अर्द्धांगिनी होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन सब देखी, सुनी बीती बातों को क्यों न लिपिबद्ध कर लूं बाबू जी ने सुना, तो कहा, तुम अच्छा लिख लेती हो, जरूर लिखो। मैंने लिखना शुरू कर दिया। इंद्राणी की आत्मकथा में बचपन के दिन, विवाह, चंदवा से पटना तक, राजनीतिक उथल-पुथल, आजादी की ओर, बाबू जी श्रम मंत्री, स्वतंत्र भारत का नया दौर, कांग्रेस की कमजोर स्थिति महत्वपूर्ण और सूचनापरक अध्याय हैं। राजनैतिक स्त्री लेखन में मायावती कोई संघर्ष भरी यात्रा का दस्तावेजीकरण नहीं कर पाईं। लिखने वालों ने उन्हें आयरन लेडी बनाया। हाड़-मांस की संवेदनशील स्त्री, वह भी भारत के दलित समुदाय से आने वाली, से अपेक्षा थी कि वह कम से कम दलित स्त्रियों को प्रेरक आत्मकथा दे सकेंगी। बदकिस्मती से मायावती के पास साहित्य और संगीत कला वाला हृदय नहीं है। वह कभी किसी दलित साहित्यकार को पढ़ती-सराहती नहीं दिखीं। गैर दलित महिला लेखन में वामपंथी राजनेता और युद्धरत आम आदमी की संपादक, रमणिका गुप्ता साहित्य और सियासत, दोनों मोर्चों पर सक्रिय रहीं। उन्होंने अपने उन्मुक्त प्रेम और राजनीतिक यात्रा के दृश्यों से भरी हादसे और आपहुदरी दो भागों में आत्मकथा लिखी। दलित स्त्री आत्मकथाओं का उबाल महाराष्ट्र से आया। इसके उत्प्रेरक थे डॉ. भीमराव आंबेडकर। उन्होंने जुलाई 1942 की डिप्रेस्ड क्लासेस वुमन कॉन्फ्रेंस के अपने अध्यक्षीय भाषण में तथा 1956 में दलित महिलाओं से अपने संस्मरण पर लिखने को कहा, आप शिक्षित नहीं हैं, तो बोल-बोल कर अपने बच्चों से लिखवाओ। परंतु, अपने भोगे हुए जीवन यथार्थ नई पीढ़ी को देकर जाओ। उस दौर की पहली आत्मकथा मेरे जीवन की चित्रकथा शांताबाई कांबले की है। इस आत्मकथा को कमलेश्वर ने मुंबई दूरदर्शन पर धारावाहिक रूप में प्रकाशित किया था। उनके बाद बेबी कांबले की आत्मकथा जीवन हमारा में गरीबी और अस्पृश्यता के हृदयविदारक प्रसंगों की भरमार है। कांबले लिखती हैं, जिस घर में जचगी होने वाली होती है, उस घर में उस जच्चा के लिए अन्न ही नहीं होता। बच्चा होने पर उस औरत का पेट एकदम खाली कुएं की तरह हो जाता है। उसे बेतहाशा भूख लगती है, पर वह क्या करे जच्चा गंदे चिथड़ों से अपना पेट कसकर बांध लेती और तड़पती-सी पड़ी रहती। उर्मिला पवार की आत्मकथा आयदान, सुजाता गिडला की हाथियों के बीच चींटियां, कौशल्या बैसंत्री की दोहरा अभिशाप, रजत रानी मीनू के संस्मरण मां बनी तो याद आई मां और रजनी तिलक की अपनी जमीं अपना आसमां की तरह सुमित्रा महरोल की पुस्तक टूटे पंखों की परवाज तक का शीर्षक भी गहरा अर्थ समेटे हुए है। लेखिका एक पैर से अस्वस्थ हो जाती हैं, मानो ऊंचा उड़ने की हसरत रखने वाले पंछी के पंख ही टूट जाते हैं, तब भी उनकी उड़ान सामान्य नहीं है। कुल मिलाकर स्त्री आत्मकथाओं के अर्श से लेकर फर्श तक को समझने के लिए काफी कुछ प्रकाशित हुआ है, तदापि बहुत बड़ी महिला आबादी के बारे में पुरुष प्रधान समाज कम ही जानता है।

#Opinion #National #SoniaGandhi #Women'sAutobiography #Women'sWriting #DalitLiterature #DalitWomenWriters #IndianPolitics #IndraniJagjivanRam #RamanikaGupta #Mayawati #DrBRAmbedkar #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 18, 2026, 01:43 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




अपने हिस्से का इतिहास लिखती स्त्रियां: दलित स्त्री लेखन से राजनीतिक संस्मरणों तक में महिलाओं के संघर्ष-अनुभव #Opinion #National #SoniaGandhi #Women'sAutobiography #Women'sWriting #DalitLiterature #DalitWomenWriters #IndianPolitics #IndraniJagjivanRam #RamanikaGupta #Mayawati #DrBRAmbedkar #VaranasiLiveNews