Bareilly News: मेडिकल काॅरपोरेशन को वापस भेजे अधोमानक इंजेक्शन
बरेली। औषधि निरीक्षक के निर्देश पर जिला अस्पताल और मानसिक अस्पताल से बचे प्रोमेथाजिन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन मेडिकल काॅरपोरेशन को लौटा दिए गए हैं। मनोरोगियों को एंटीहिस्टैमिन लक्षणों से राहत दिलाने के लिए लगाए जाने वाले इस इंजेक्शन की गुणवत्ता जांच में अधोमानक मिली थी। औषधि निरीक्षक राजेश कुमार के मुताबिक, मानसिक अस्पताल से इंजेक्शन का नमूना लिया गया था। जांच में इंजेक्शन अधोमानक मिला। इंजेक्शन के घोल में बड़े सफेद कण दिखने पर पार्टिकुलेट मैटर के मानक पर खरा नहीं मिला। यह इंजेक्शन एसवीपी लाइफ साइंसेज, सेलाकुई, देहरादून में निर्मित, बैच नंबर 26एफएनडी32 है। बताया कि इसकी बची हुई सभी दवा को तत्काल वापस करने और प्रयोग न करने के लिए कहा था। इस पर दोनों अस्पतालों के चीफ फार्मासिस्ट ने दवाएं ड्रग वेयर हाउस को और यहां से वह मेडिकल कारपोरेशन को वापस भेज दी गई हैं। इंजेक्शन का नमूना अधोमानक मिलने पर नोटिस का जवाब अभी नहीं मिला है। जवाब के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। कम मात्रा और पार्टिकुलेट मैटर यानी मरीजों के लिए जोखिमप्रोमेथाजिन एचसीएल इंजेक्शन का इस्तेमाल एलर्जी, उल्टी-मितली रोकने और ऑपरेशन से पहले या बाद में मरीज को सिडेशन देने के लिए होता है। जांच में दवा की मात्रा निर्धारित मानक से कम मिलने पर एलर्जी, उल्टी रोकने में कम प्रभावी होने की आशंका होती है। इंजेक्शन के घोल में बड़े सफेद कण शरीर में पहुंचने पर नसों में सूजन, दर्द, जलन, रक्तवाहिकाओं में रुकावट का जोखिम हो सकता है। इसलिए वितरण पर रोक लगाने, स्टाॅक वापस भेजने समेत निर्देशों का पालन नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की हिदायत दी गई है।
#ReturnTheSubstandardInjectionsToTheMedicalCorporation. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 01, 2026, 03:08 IST
Bareilly News: मेडिकल काॅरपोरेशन को वापस भेजे अधोमानक इंजेक्शन #ReturnTheSubstandardInjectionsToTheMedicalCorporation. #VaranasiLiveNews
