न्यूज अपडेट्स: अरुणाचल में सियांग प्रोजेक्ट के लिए एक लाख पेड़ कटेंगे; CM नायडू बोले- 500 के नोट बंद करे सरकार
अरुणाचल में 11,200 मेगावाट की सियांग अपर बहुद्देश्यीय परियोजना (एसयूएमपी) के खिलाफ जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच इसकी सहायक नदी सियोम पर प्रस्तावित जलविद्युत परियोजना को केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय की वन सलाहकार समिति (एफएसी) से अहम मंजूरी मिल गई है। एसयूएमपी क्षेत्र के मूल निवासी समुदायों का दावा है कि इस परियोजना के बनने से उनकी पुश्तैनी जमीन, नदी प्रणालियों, आजीविका, सांस्कृतिक विरासत व क्षेत्रीय अधिकारों पर बुरा असर पड़ेगा।नयिंग जलविद्युत परियोजना (1,000 मेगावाट) का संचालन नॉर्थ ईस्टर्न इलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड करेगा। इसे अरुणाचल प्रदेश के शी योमी और सियांग जिलों में बनाया जाएगा। इसके लिए लगभग 470 हेक्टेयर अवर्गीकृत वन भूमि का उपयोग किया जाएगा और एक लाख से अधिक पेड़ काटे जाएंगे। अवर्गीकृत वन वह क्षेत्र है जिसे वन के रूप में दर्ज तो किया गया है, लेकिन यह आरक्षित या संरक्षित वन की श्रेणी में नहीं आता है। ऐसे वनों के स्वामित्व की स्थिति अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग होती है। देश में 500 रुपये के नोट पूरी तरह बंद हों: सीएमनायडू आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और एनडीए के प्रमुख सहयोगी एन. चंद्रबाबू नायडू ने देश में भ्रष्टाचार पर प्रभावी लगाम लगाने और डिजिटल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए 500 रुपये के नोट को बंद करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि 1000 और 2000 रुपये जैसे बड़े मूल्य के करेंसी नोटों की तरह देश में 500 के नोट को पूरी तरह से बंद कर दिया जाना चाहिए। अमरावती में नायडू ने कहा कि बाजार में केवल 100 और 200 रुपये के छोटे नोट ही चलन में रहने चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि बड़े मूल्य के नोटों का चलन समाप्त होने से नकद लेनदेन कम होगा, जिससे भ्रष्टाचार की जड़ों को तोड़ने और काले धन पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। नायडू ने स्पष्ट किया कि उन्होंने इससे पहले भी डिजिटल करेंसी से जुड़ी अपनी रिपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष यह प्रस्ताव रखा था।
#IndiaNews #National #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 10, 2026, 02:02 IST
न्यूज अपडेट्स: अरुणाचल में सियांग प्रोजेक्ट के लिए एक लाख पेड़ कटेंगे; CM नायडू बोले- 500 के नोट बंद करे सरकार #IndiaNews #National #VaranasiLiveNews
