बिहार: मिथिलेश तिवारी बोले- पुल PM मोदी बनाएंगे और फीता लालू जी काटेंगे, यह नहीं चलेगा; TRE को लेकर क्या कहा?

बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बुधवार को कई राजनीतिक मुद्दों पर विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव के प्रधानमंत्री के पुल उद्घाटन को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि पुल मोदी जी बनाएंगे और फीता लालू जी काटेंगे, यह नहीं चलेगा। वहीं, प्रशांत किशोर को कांग्रेस की बी टीम बताते हुए कहा कि उनकी दुकान बंद हो गई है। उन्होंने पप्पू यादव की टिप्पणी पर भी निशाना साधा और उन्हें बाबा बागेश्वर की कथा सुनने की सलाह दी। तेजस्वी बताएं, राघोपुर में पुल किसने बनाया तेजस्वी यादव के इस आरोप पर कि प्रधानमंत्री केवल पुल का फीता काटने आ रहे हैं, मिथिलेश तिवारी ने सवाल उठाया कि क्या राघोपुर में पुल लालू प्रसाद यादव ने बनाया था उन्होंने कहा कि अगर तेजस्वी के पिता ने राघोपुर में पुल बनाया है तो प्रधानमंत्री को उद्घाटन के लिए आने की जरूरत नहीं है। लेकिन पुल बनाएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फीता काटेंगे लालू यादव, यह नहीं चलेगा। प्रशांत किशोर कांग्रेस की बी टीम: मिथिलेश तिवारी प्रशांत किशोर के ब्राह्मण, दलित और अल्पसंख्यक गठजोड़ के जरिए सरकार बनाने के फॉर्मूले पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि उन्हें लगता है कि प्रशांत किशोर पूरी तरह कांग्रेस की बी टीम बनकर घूम रहे हैं। उन्हें यह फॉर्मूला कांग्रेस के पप्पू ने दिया है। उन्होंने कहा कि मंगल पांडेय ने धर्म की रक्षा के लिए बलिदान दिया था। वहीं, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय ने अखंड भारत और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के लिए संघर्ष किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके सपनों को पूरा किया है। मिथिलेश तिवारी ने दावा किया कि देश के सभी ब्राह्मण अब प्रधानमंत्री मोदी के साथ हैं। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर की दुकान बंद हो गई है और वे उसे चलाने के लिए अलग-अलग राजनीतिक फॉर्मूले लेकर घूम रहे हैं। मिथिला को विद्वानों की धरती बताते हुए उन्होंने कहा कि यहां प्रशांत किशोर के बहकावे में कोई आने वाला नहीं है। पप्पू यादव को बाबा बागेश्वर की कथा सुनने की सलाह पप्पू यादव की ओर से बाबा बागेश्वर को लेकर की गई टिप्पणी पर मिथिलेश तिवारी ने कहा कि देश में दो पप्पू हैं, एक बिहार में और एक दिल्ली में। उन्होंने दोनों को बाबा बागेश्वर की कथा सुनने की सलाह दी। मंत्री ने कहा कि रामायण की कथा से मर्यादा, रिश्तों की अहमियत, राजधर्म और राष्ट्रधर्म की सीख मिलती है। वहीं, भगवान कृष्ण की लीलाओं की सही व्याख्या समझने की जरूरत है। जो लोग इन्हें समझ नहीं पाते, वे उल्टा अर्थ निकाल लेते हैं। 13 दिसंबर से बक्सर में होगी बाबा बागेश्वर की कथा बाबा बागेश्वर के बक्सर आगमन को लेकर शिक्षा मंत्री ने बताया कि उनकी कथा 13 दिसंबर से शुरू होगी और 16 दिसंबर को दिव्य दरबार लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाबा बागेश्वर देश के चर्चित कथावाचकों में शामिल हैं और हनुमान जी के बड़े साधक हैं। मंत्री ने बताया कि वे खुद बागेश्वर धाम गए थे, जहां दिवाली के दिन और उसके अगले दिन भी पांच लाख से अधिक श्रद्धालु मौजूद थे। मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बक्सर उनका संसदीय क्षेत्र है और मंत्री होने के नाते बाबा बागेश्वर के स्वागत के साथ कथा की व्यवस्था में भी सहयोग करेंगे। उन्होंने बक्सर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि महर्षि विश्वामित्र ने इसी धरती पर प्रभु श्रीराम को शिक्षा दी थी। चांदी लूट के आरोपी के साथ तस्वीर पर दी सफाई दरभंगा में 60 किलो चांदी लूट मामले के आरोपी के साथ तस्वीर वायरल होने के सवाल पर मिथिलेश तिवारी ने कहा कि वे दिनभर अलग-अलग जगहों पर लोगों से मिलते हैं। ऐसे में किसी व्यक्ति के साथ तस्वीर आ जाने से उनकी कोई गलती नहीं हो जाती। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी शामिल होगा, पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी। आरोपी के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई भी होगी। शिक्षकों के वेतन और वित्त रहित शिक्षकों पर क्या बोले शिक्षकों के वेतन भुगतान को लेकर शिक्षा मंत्री ने दावा किया कि बुधवार शाम तक सभी शिक्षकों के वेतन भेज दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि छुट्टी के दिन भी ट्रेजरी खुली रखी गई है, ताकि जिनका वेतन बाकी है, उनका भुगतान किया जा सके। वित्त रहित शिक्षकों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बिहार में पहली बार ऐसे शिक्षकों को भी डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में राशि भेजी जा रही है। जिनका भुगतान बाकी है, उनके खाते में भी अगले एक सप्ताह के भीतर पैसे पहुंच जाएंगे। टीआरई-4 के अभ्यर्थियों का इंतजार जल्द होगा खत्म टीआरई-4 परीक्षा को लेकर शिक्षा मंत्री ने अभ्यर्थियों को जल्द अच्छी खबर मिलने के संकेत दिए। परीक्षा की तारीख पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों का इंतजार जल्दी समाप्त होने वाला है। हालांकि, उन्होंने परीक्षा की संभावित तारीख या विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी।

#CityStates #Patna #Bihar #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 11, 2026, 14:38 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »

Read More:
City states Patna Bihar



बिहार: मिथिलेश तिवारी बोले- पुल PM मोदी बनाएंगे और फीता लालू जी काटेंगे, यह नहीं चलेगा; TRE को लेकर क्या कहा? #CityStates #Patna #Bihar #VaranasiLiveNews