दिवाली-छठ पर रेलवे की बड़ी तैयारी: निजामुद्दीन और आनंद विहार स्टेशन पर बदलेंगी व्यवस्थाएं, ओवरब्रिज भी बनेगा
दिवाली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर रोशनी की व्यवस्था बेहतर करने के लिए उत्तर रेलवे करीब सवा चार करोड़ रुपये खर्च करेगा। वहीं, आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर चार हजार यात्रियों की क्षमता वाला यात्री सुविधा शिविर तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा यात्रियों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए प्रवेश मार्गों को अलग करने और नया फुट ओवरब्रिज बनाने की भी योजना है। हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म पर रोशनी बढ़ाने के लिए 150 सामान्य एलईडी और 50 बैटरी बैकअप वाली एलईडी लाइट लगाई जाएंगी। इसके साथ बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए जरूरी उपकरण, पैनल और तार दुरुस्त किए जाएंगे। रेलवे के अनुसार, पर्याप्त रोशनी होने से यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर आने-जाने व प्रवेश व निकास के रास्तों तक पहुंचने में आसानी होगी। इससे दुर्घटनाओं और अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका भी कम होगी। त्योहारों के दौरान दिल्ली से बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में बेहतर रोशनी से भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही में मदद मिलेगी। रेलवे और सुरक्षाकर्मियों को भी मिलेगी मदद प्लेटफॉर्म पर रोशनी बढ़ने से रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों को यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखने में सहूलियत होगी। भीड़ को व्यवस्थित करने, प्रवेश और निकास के रास्ते खुले रखने तथा जरूरत के अनुसार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती पर भी ध्यान दिया जाएगा। नया फुट ओवरब्रिज भी बनेगा आनंद विहार में मेट्रो के फुट ओवरब्रिज से उतरकर यात्री सुविधा शिविर तक पहुंचा जा सकता है। नमो भारत और मेट्रो सेवाओं के कारण बढ़ती आवाजाही को देखते हुए एक नया फुट ओवरब्रिज भी तैयार किया जा रहा है। इससे यात्रियों को आवाजाही के लिए अतिरिक्त रास्ता मिलेगा और भीड़ को अलग-अलग मार्गों पर बांटने में मदद मिलेगी। जनरल और आरक्षित यात्रियों के लिए अलग रास्ते आनंद विहार स्टेशन पर जनरल और आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग प्रवेश मार्ग बनाए जा रहे हैं। अनारक्षित टिकट वाले यात्रियों को नए सुविधा शिविर के रास्ते स्टेशन में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि आरक्षित टिकट वाले यात्री मुख्य इमारत के सामने स्थित प्रवेश द्वार का इस्तेमाल करेंगे। इससे एक ही स्थान पर भीड़ जमा होने की आशंका कम होगी। शिविर में टिकट तक की सुविधाएं होंगी आनंद विहार स्टेशन पर करीब चार हजार यात्रियों की क्षमता वाला यात्री सुविधा शिविर तैयार किया जा रहा है। इसमें बैठने, पीने के पानी, शौचालय, खानपान और टिकट लेने की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। रेलवे की योजना दीपावली से पहले इस व्यवस्था को शुरू करने की है, ताकि त्योहारों के दौरान स्टेशन परिसर में भीड़ का दबाव कम किया जा सके।
#CityStates #DelhiNcr #Delhi #DelhiNews #DelhiTodayNews #DelhiNewsToday #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 27, 2026, 01:52 IST
दिवाली-छठ पर रेलवे की बड़ी तैयारी: निजामुद्दीन और आनंद विहार स्टेशन पर बदलेंगी व्यवस्थाएं, ओवरब्रिज भी बनेगा #CityStates #DelhiNcr #Delhi #DelhiNews #DelhiTodayNews #DelhiNewsToday #VaranasiLiveNews
