तीन देशों में गोपनीय अभियान: इस्राइल ने 40 साल तक खोजा अपना पायलट, ईरानी जनरल का अपहरण कर की हत्या

इस्राइल ने करीब चार दशक पहले लापता हुए अपने एक पायलट को खोजने के लिए लेबनान, सीरिया और ईरान तक खुफिया अभियानों का जाल फैलाया था। इस मिशन में ईरान के दो सैन्य अधिकारियों का अपहरण किया गया। इनमें से एक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया, जबकि दूसरे की हत्या कर शव समुद्र में फेंकने का दावा किया गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इतने खतरनाक अभियानों के बावजूद इस्राइल अपने पायलट का पता नहीं लगा सका। अब इन गुप्त कार्रवाइयों से जुड़े नए खुलासों ने पूरे मामले को फिर चर्चा में ला दिया है। यह पूरा अभियान इस्राइली वायुसेना के पायलट रॉन अराद की तलाश से जुड़ा था। वह 16 अक्टूबर 1986 को दक्षिणी लेबनान के ऊपर उड़ान भरते समय विमान में धमाका होने के बाद पैराशूट से नीचे उतरे थे। उस समय उनकी उम्र 28 साल थी। इसके बाद लेबनान के शिया मिलिशिया संगठन अमल ने उन्हें पकड़ लिया। शुरुआत में संगठन ने उनकी रिहाई के बदले करोड़ों डॉलर और कैदियों को छोड़ने की मांग की थी, लेकिन बाद में उनका कोई पता नहीं चला। ईरान लेबनान के शिया संगठनों का बड़ा समर्थक था, इसलिए इस्राइल को शक था कि अराद को ईरान ले जाया गया है। सीरिया में ईरानी जनरल का अपहरण कैसे किया गया सितंबर 2021 में इस्राइली खुफिया अधिकारियों ने सीरिया की राजधानी दमिश्क में ईरानी कमांडर जनरल अब्दुल्ला साबेरी को निशाना बनाया। वह राजनयिक इलाके में सुबह की सैर पर निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे एजेंटों ने उन्हें दबोच लिया और बेहोश करके फ्रिज के एक बड़े डिब्बे में बंद कर दिया। इसके बाद उन्हें वहां से उठा लिया गया। जनरल साबेरी ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के अनुभवी अधिकारी थे। इस्राइली एजेंट उनसे केवल रॉन अराद के बारे में जानकारी हासिल करना चाहते थे। लंबी पूछताछ और प्रताड़ना के बाद उन्हें दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग की एक सड़क पर छोड़ दिया गया। इस्तांबुल से लापता हुए जनरल असगरी के साथ क्या हुआ ईरानी जनरल अलीरेजा असगरी दिसंबर 2006 में तुर्किये के इस्तांबुल स्थित एक होटल से अचानक लापता हो गए थे। करीब दो दशक तक उनकी गुमशुदगी एक रहस्य बनी रही। अब सामने आए दावों के मुताबिक, मोसाद के एजेंटों ने रॉन अराद के बारे में जानकारी जुटाने के लिए उनका अपहरण किया था। उन्हें एक नाव पर ले जाकर कई हफ्तों तक पूछताछ की गई। जब उनसे अराद के बारे में कोई उपयोगी जानकारी नहीं मिली तो उनकी हत्या कर दी गई और शव काला सागर में फेंक दिया गया। हालांकि, यह विवरण अमेरिकी और इस्राइली अधिकारियों के दावों पर आधारित है। आखिर रॉन अराद की तलाश में इस्राइल ने इतने ऑपरेशन क्यों किए इस्राइल को शुरुआत से शक था कि रॉन अराद ईरान के कब्जे में हैं। इसकी वजह ईरान और लेबनान के शिया संगठनों के बीच करीबी संबंध थे। इसी धारणा के आधार पर इस्राइली एजेंसियों ने कई देशों में गुप्त अभियान चलाए। इन अभियानों में अपहरण और हत्या जैसी कार्रवाइयां भी शामिल रहीं। हालांकि, अब इस्राइल का मानना है कि अराद की मौत 1988 में ही हो गई थी। बताया जाता है कि एक लेबनानी लड़ाके की मौत का बदला लेने के लिए उनकी हत्या की गई थी। इस तरह दशकों तक चली तलाश में इस्राइल ने कई खतरनाक अभियान चलाए, लेकिन अपने लापता पायलट के बारे में पुख्ता जानकारी हासिल नहीं कर सका।

#World #International #RonArad #IsraelMossad #IranIsraelTensions #IranianGenerals #SecretIntelligenceOperations #IsraeliSpyMissions #LebanonConflict #MiddleEastIntelligence #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 17, 2026, 01:25 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




तीन देशों में गोपनीय अभियान: इस्राइल ने 40 साल तक खोजा अपना पायलट, ईरानी जनरल का अपहरण कर की हत्या #World #International #RonArad #IsraelMossad #IranIsraelTensions #IranianGenerals #SecretIntelligenceOperations #IsraeliSpyMissions #LebanonConflict #MiddleEastIntelligence #VaranasiLiveNews