IPL 2026: घर पर लखनऊ सुपरजायंट्स की आठवीं हार, थके कदमों से आधी रात लौटे फैंस; टीम करीब-करीब बाहर
मो. शमी ने जब कार्तिक त्यागी की आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर मुकाबले को सुपरओवर तक पहुंचाया लगा कि लखनऊ घर में सात हार के बाद पहली जीत का स्वाद चख सकता है, लेकिन यहां भी लखनऊ के बल्लेबाजों ने निराश किया। सुनील नारायण ने सुपरओवर में पहली गेंद पर निकोलस पूरन (0) और तीसरी गेंद पर मार्करम (0) को पवेलियन भेजा। दो रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता के लिए रिंकू सिंह ने प्रिंस यादव की पहली गेंद पर चौका जड़कर मुकाबला जीत लिया। घरेलू मैदान में लखनऊ सुपरजायंट्स की लगातार आठवीं हार का ठीकरा इस बार भी बल्लेबाजों के सिर पर फूटा। इस हार के साथ टीम अंकतालिका में सबसे निचले पायदान पर फिसल गई। साथ ही टीम के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना भी बेहद कम हो गई है। कोलकाता के 155 रन के जवाब में लखनऊ ने आठ विकेट पर 155 रन बनाए। मुकाबले में कॅरिअर बेस्ट गेंदबाजी करने वाले मोहसिन खान (4-1-23-5) के प्रदर्शन पर रिंकू सिंह (51 गेंदों पर 83 रन) की आतिशी बल्लेबाजी भारी पड़ी। 156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपरजायंट्स के बल्लेबाज इनफॉर्म मिचेल मार्श (2) के आउट होने के बाद संभल न सकी। टीम से एडन मार्करम (31) के बाद कप्तान ऋषभ पंत (42 रन) ही कुछ संघर्ष कर सके, जबकि निकोलस पूरन (9) ने एक बार फिर निराश किया। मध्यक्रम से आयुष बदोनी (19 गेंदों पर 24 रन) और हिम्मत सिंह (10 पर 19 रन) ने उपयोगी पारी खेली। इससे पहले तेज गेंदबाज मोहसिन खान की विविधता भरी गेंदबाजी (4-1-23-5) कोलकाता नाइटराइडर्स के बल्लेबाजों पर भारी पड़ी। हालांकि पारी के आखिरी ओवरों में रिंकू सिंह की आतिशबाजी (51 गेंदों पर 83 रन) की बदौलत टीम ने लखनऊ सुपरजायंट्स के सामने 156 रन का लक्ष्य रखा। अपने आईपीएल कॅरिअर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करने वाले एलएसजी के तेज गेंदबाज मौजूदा सीजन में पांच विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज भी बन गए। उधर, रिंकू सिंह ने लखनऊ के लिए पारी का आखिरी ओवर फेंकने आए दिग्वेश राठी की खबर लेते हुए चार छक्के जमाते हुए कुल 26 रन बना डाले। रिंकू सिंह का यह आईपीएल में सबसे बड़ा स्कोर रहा। इससे पहले लखनऊ सुपरजायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला सही साबित हुआ। मोहसिन खान ने कोलकाता को शुरुआती झटके दिए। 73 रन पर छह विकेट खोने के बाद रिंकू सिंह ने एक छोर संभालते हुए आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 51 गेंदों पर सात चौके और पांच छक्कों की मदद से 81 रन की तूफानी पारी खेली। कोलकाता ने सात विकेट खोकर 155 रन बनाए।
#CityStates #Lucknow #UttarPradesh #Ipl2026 #LucknowSupergiants #IplPointsTable #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 27, 2026, 04:09 IST
IPL 2026: घर पर लखनऊ सुपरजायंट्स की आठवीं हार, थके कदमों से आधी रात लौटे फैंस; टीम करीब-करीब बाहर #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #Ipl2026 #LucknowSupergiants #IplPointsTable #VaranasiLiveNews
