मेक्सिको में सीआईए का गुप्त अभियान: पूर्व पुलिस कमांडर को बनाया मोहरा; कैसे खुला अमेरिकी जासूसों का राज?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पिछले वर्ष मेक्सिको के ड्रग कार्टेल्स के खिलाफ अपनी खुफिया एजेंसी सीआईए का अभियान तेज करने की कोशिश कर रहे थे। उस समय मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने सख्त चेतावनी दी कि अमेरिकी सुरक्षा बल मेक्सिको की जमीन पर कदम नहीं रखेंगे। तब सीआईए ने मेक्सिको के एक पूर्व पुलिस कमांडर को अपना मोहरा बनाया और गुपचुप तरीके से उत्तरी सीमावर्ती राज्य चिहुआहुआ में अपना ठिकाना बना लिया। अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, सीआईए ने करीब छह महीने तक अपने गोपनीय अभियान के दौरान जंगलों के बीच बने ड्रग कार्टेल के ठिकानों को निशाना बनाया। इस दौरान पहाड़ पर बनी एक विशाल मेथ फैक्टरी को भी नष्ट किया गया। दागी अफसर का वीजा रोककर जाल में फंसाया सीआईए ने चिहुआहुआ के अभियोजक और पूर्व पुलिस कमांडर गिलर्मो ज़ुआनी पोर्टिलो को मोहरा बनाया। पावर ब्रोकर माने जाने वाले ज़ुआनी पर खुद ड्रग माफियाओं से मिलीभगत और दो पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल होने के गंभीर आरोप थे। इसी वजह से अमेरिका ने उनका वीजा रद्द कर दिया था। यही नहीं, एफबीआई उनके खिलाफ जांच भी कर रही थी। अमेरिका ने बाद में वीजा बहाल करने के बदले जुआनी की मदद ली। मैक्सिकन पुलिस की वर्दी और नकाब पहनकर छापे मारते थे अमेरिकी जासूस ज़ुआनी ने सीआईए के एजेंटों को चिहुआहुआ पुलिस के अफसरों से मिलवाया और फिर दोनों ने ड्रग कार्टेल के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया। अमेरिका के ये जासूस मैक्सिकन पुलिस की वर्दी पहनकर और चेहरे पर नकाब लगाकर आधुनिक हथियारों व टैबलेट से लैस होकर ड्रग माफियाओं के ठिकानों पर छापे मारने लगे। पूरे घटनाक्रम से वाकिफ लोगों और तमाम दस्तावेजों के आधार पर पता चलता है कि सीआईए ने जुआनी का इस्तेमाल जमीनी स्तर पर एक भरोसेमंद संपर्क के रूप में किया लेकिन उन्हें आम मुखबिरों की तरह पैसे नहीं दिए। सियासी भूचाल मचा, केंद्रीय सरकार को अंधेरे में रखने पर गवर्नर गिरफ्तार सच सामने आने पर राष्ट्रपति शिनबाम भड़क उठीं। उन्होंने केंद्र को अंधेरे में रखने के लिए चिहुआहुआ की गवर्नर मारू कैम्पोस को आड़े हाथों लिया। दबाव बढ़ता देख राज्य सरकार ने कार्रवाई शुरू की। मेयर पद के प्रबल दावेदार और पूर्व अटॉर्नी जनरल सीजर जौरेगुई को सीआईए को राज्य में पनाह देने के आरोप में देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, इस पूरे खेल के सूत्रधार गिलर्मो ज़ुआनी मेक्सिको से भागकर अमेरिका पहुंच गए। जौरेगुई पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग जुआनी के साथ मिलकर मेक्सिकी को धरती पर सीआईए एजेंटों को संरक्षण दिया। 300 फीट गहरी खाई में गिरा वाहन खुल गई गोपनीय अभियान की पोल गठजोड़ तब बेनकाब हुआ जब अप्रैल में चिहुआहुआ के दुर्गम पहाड़ों पर स्थित एक विशाल मेथ लैब को नष्ट करने का अभियान चलाया गया। रात के अंधेरे में जब नौ गाड़ियों का काफिला लौट रहा था, तब धूल के गुबार के कारण आगे चल रही एक ट्रक 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इसमें दो सीआईए अधिकारी और दो मैक्सिकन अफसरों सवार थे जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद ज़ुआनी ने मौके पर मौजूद एजेंटों को फोन करके निर्देश दिया कि सीआईए अधिकारियों के शवों से मैक्सिकन पुलिस की वर्दी और निशान हटा दिए जाएं।
#World #International #CiaSecretOperation #MexicoDrugCartels #DonaldTrump #ClaudiaSheinbaum #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 14, 2026, 05:14 IST
मेक्सिको में सीआईए का गुप्त अभियान: पूर्व पुलिस कमांडर को बनाया मोहरा; कैसे खुला अमेरिकी जासूसों का राज? #World #International #CiaSecretOperation #MexicoDrugCartels #DonaldTrump #ClaudiaSheinbaum #VaranasiLiveNews
