'पेपर लीक से बर्बाद होता है युवाओं का साल': राज्यपाल ने दी शिक्षकों को सीख, जुगाड़ से पदोन्नति पर चेताया

पेपर लीक होने से सिर्फ परीक्षा प्रभावित नहीं होती बल्कि उन युवाओं का भविष्य भी दांव पर लग जाता है जो सीमित आयु में प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने की तैयारी करते हैं। एक परीक्षा प्रभावित होने से अभ्यर्थी का एक साल बर्बाद होता है और उम्र की सीमा पार होने पर वह अगली परीक्षा के लिए पात्र भी नहीं रह पाता। ये बातें प्रदेश की राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने बुधवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के दो दिवसीय नेशनल कॉन्क्लेव-2026 के समापन अवसर पर कहीं। ">http:// उन्होंने शिक्षा जगत में शुद्ध आचरण बनाए रखने पर जोर दिया। कहा कि कुछ शिक्षकों की गलतियों के कारण परीक्षाएं प्रभावित होती हैं और पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आती हैं। शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए शिक्षकों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। राज्यपाल ने शिक्षकों की पदोन्नति में मेरिट को प्राथमिकता देने की पैरवी करते हुए कहा कि शिक्षक ने कितने शोध किए, कितनी किताबें प्रकाशित कीं और शिक्षा के क्षेत्र में उसका क्या योगदान रहा, इन उपलब्धियों के आधार पर पदोन्नति होनी चाहिए। यदि मेरिट को दरकिनार कर नियमों के विपरीत पदोन्नति की गई तो ऐसे लोगों को बचाने वाला कोई नहीं होगा। उन्होंने शिक्षकों को कार्यप्रणाली सुधारने की सीख दी। खंदारी परिसर के जयप्रकाश नारायण सभागार में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन का मुख्य विषय राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत शिक्षकों के व्यावसायिक विकास के लिए पुष्टि (राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षक मानक) और मित्रा (राष्ट्रीय मेंटरिंग मिशन) का प्रभावी क्रियान्वयन रहा। एनसीटीई, भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय और विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन में नौ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के शिक्षाविदों ने भाग लिया। राज्यपाल ने मातृभाषा में शिक्षा देने की बात कहते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में इसे महत्व दिया गया है लेकिन व्यवहार में बच्चों को अंग्रेजी बोलने के लिए अधिक प्रेरित किया जाता है। दूसरी भाषाओं का ज्ञान जरूरी है मगर बच्चों को पहले अपनी भाषा में समझने, बोलने और सोचने का अवसर मिलना चाहिए। इससे उनकी बौद्धिक क्षमता का बेहतर विकास होगा। उन्होंने दो साल के बच्चों को स्कूल भेजने की प्रवृत्ति पर भी चिंता जताई और कहा कि बच्चों के बचपन और स्वाभाविक विकास को महत्व दिया जाना चाहिए।

#CityStates #Agra #GovernorAnandibenPatel #AgraUniversity #AgraNews #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 28, 2026, 16:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




'पेपर लीक से बर्बाद होता है युवाओं का साल': राज्यपाल ने दी शिक्षकों को सीख, जुगाड़ से पदोन्नति पर चेताया #CityStates #Agra #GovernorAnandibenPatel #AgraUniversity #AgraNews #VaranasiLiveNews