होर्मुज के पास सीरियल धमाके: केश्म द्वीप पर पांच विस्फोट के साथ दो विमान दिखे, क्या बढ़ेगा ईरान-अमेरिका तनाव?

ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच ईरान के दक्षिणी इलाके में जोरदार धमाकों की खबर सामने आई है। रणनीतिक रूप से बेहद अहम होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित क्यूशम द्वीप और बंदर लेंगेह में कई विस्फोट सुने गए। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, क्यूशम द्वीप पर पांच धमाकों की आवाज सुनाई दी, जबकि बंदर लेंगेह में भी कई धमाकों की खबर है। इस दौरान स्थानीय लोगों ने आसमान में दो विमानों को उड़ते हुए देखने का दावा किया है। हालांकि, अभी तक इन धमाकों की वजह का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है और न ही किसी के हताहत होने की जानकारी मिली है। होर्मुज के पास बढ़ी सैन्य हलचल क्यूशम द्वीप और बंदर लेंगेह में धमाकों की खबर ऐसे समय आई है, जब ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य तनाव लगातार बढ़ रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में शामिल है। यहां से बड़ी मात्रा में कच्चे तेल और गैस की सप्लाई होती है। ऐसे में इस इलाके में किसी भी तरह की सैन्य हलचल का असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार और वैश्विक व्यापार पर पड़ सकता है। ईरान ने तीन अमेरिकी ड्रोन मार गिराने का किया दावा धमाकों से पहले ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की एयरोस्पेस फोर्स ने दावा किया था कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास तीन अमेरिकी ड्रोन मार गिराए हैं। इनमें एक MQ-9 सैन्य ड्रोन भी शामिल बताया गया है। ईरान के सरकारी प्रसारक प्रेस टीवी के मुताबिक, IRGC ने कहा कि क्यूशम द्वीप के दक्षिण में दो अमेरिकी MQM-170 टोही ड्रोन को इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम की मदद से गिराया गया। 55वां MQ-9 ड्रोन गिराने का दावा IRGC ने एक अलग बयान में कहा कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से में एक अमेरिकी MQ-9 ड्रोन को ट्रैक करने के बाद नष्ट कर दिया। संगठन के मुताबिक, इस कार्रवाई में ईरान के नए एयर डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल किया गया। IRGC ने दावा किया कि यह उसका गिराया गया 55वां MQ-9 ड्रोन है। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों की ओर से इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है। 'जल्द हो सकता है ईरान से समझौता' एक तरफ इलाके में सैन्य गतिविधियां बढ़ने की खबरें आ रही हैं, वहीं दूसरी ओर अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की उम्मीद भी जताई जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को दावा किया कि ईरान के साथ संभावित समझौते की उम्मीद के चलते कच्चे तेल की कीमतों में करीब 10 डॉलर प्रति बैरल की गिरावट आई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने कहा कि तेल की कीमतें तेजी से नीचे आ रही हैं, क्योंकि लोगों को लग रहा है कि ईरान के साथ युद्ध नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान जल्द से जल्द समझौता करना चाहता है और बातचीत सफल हो सकती है। जेडी वेंस को भी बातचीत से उम्मीद अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी ईरान के साथ बातचीत को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं। उनका कहना है कि ट्रंप प्रशासन को लगता है कि दोनों देशों के बीच बातचीत में कुछ प्रगति हुई है। इससे संकेत मिलता है कि वॉशिंगटन फिलहाल कूटनीतिक रास्ते से तनाव कम करने की कोशिश कर रहा है। ये भी पढ़ें:अमेरिका मध्यावधि चुनाव: आज होंगे मतदान, प्रतिनिधि सभा की 435 और सीनेट की 35 सीटों के लिए वोटिंग ईरान ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दूसरी तरफ ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने साफ कर दिया है कि उनका देश बातचीत के साथ-साथ सैन्य टकराव के लिए भी तैयार है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान पर दोबारा सैन्य कार्रवाई की गई तो उसका जवाब पहले से ज्यादा ताकत के साथ दिया जाएगा। ऐसे में एक तरफ समझौते की उम्मीद बनी हुई है, तो दूसरी तरफ सैन्य तनाव भी कम होता नहीं दिख रहा है। क्यूशम द्वीप और बंदर लेंगेह में हुए धमाकों ने इस पूरे घटनाक्रम को और गंभीर बना दिया है।

#World #International #Iran #UnitedStates #QeshmIsland #BandarLengeh #StraitOfHormuz #Irgc #U.s.Drone #Mq-9Drone #DonaldTrump #AbbasAraghchi #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 03, 2026, 03:11 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




होर्मुज के पास सीरियल धमाके: केश्म द्वीप पर पांच विस्फोट के साथ दो विमान दिखे, क्या बढ़ेगा ईरान-अमेरिका तनाव? #World #International #Iran #UnitedStates #QeshmIsland #BandarLengeh #StraitOfHormuz #Irgc #U.s.Drone #Mq-9Drone #DonaldTrump #AbbasAraghchi #VaranasiLiveNews