जलवायु संकट पर दुनिया को चेतावनी: कॉप-31 में बोले वैश्विक नेता- मौजूदा प्रयास धीमे, तेजी से उठाने होंगे कदम

दुनिया में लगातार बढ़ते तापमान, भीषण गर्मी और प्राकृतिक आपदाओं ने जलवायु संकट को गंभीर बना दिया है। ऐसे में तुर्किये के अंताल्या में सोमवार को संयुक्त राष्ट्र का दो सप्ताह चलने वाला कॉप-31 जलवायु शिखर सम्मेलन शुरू हुआ। सम्मेलन के पहले दिन वैश्विक नेताओं ने चेतावनी दी कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए दुनिया के मौजूदा प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। संयुक्त राष्ट्र के जलवायु प्रमुख साइमन स्टील ने कहा कि अब ठोस कदम उठाने और काम की रफ्तार बढ़ाने की जरूरत है। इस बीच, नई जलवायु रिपोर्ट में भी चिंता जताई गई है कि वर्ष 2026 दुनिया के अब तक के चार सबसे गर्म वर्षों में शामिल हो सकता है। कॉप-31 सम्मेलन में नेताओं ने दुनिया को क्या चेतावनी दी तुर्किये के भूमध्यसागरीय शहर अंताल्या में शुरू हुए सम्मेलन में जलवायु संकट से निपटने के लिए तेज कार्रवाई पर जोर दिया गया। संयुक्त राष्ट्र के जलवायु प्रमुख साइमन स्टील ने कहा कि मौजूदा समय की गंभीरता को देखते हुए अब ठोस फैसले लेने होंगे। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए अब तक जो काम हुआ है, उसकी रफ्तार काफी धीमी है। अक्तूबर में आई संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया तापमान वृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रखने के लक्ष्य से आगे निकलने की ओर बढ़ रही है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण दुनिया के कई हिस्सों में गर्मी और प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बढ़ रहा है। तुर्किये ने जलवायु संकट से निपटने के लिए क्या लक्ष्य रखा सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे तुर्किये के मूरत कुरुम ने वर्ष 2035 तक दुनिया की एक-तिहाई अर्थव्यवस्था को बिजली आधारित बनाने का लक्ष्य रखा है। फिलहाल दुनिया की अर्थव्यवस्था का करीब पांचवां हिस्सा बिजली आधारित है। इस योजना के तहत ऊर्जा के इस्तेमाल के तरीके में बदलाव लाने पर जोर दिया जाएगा। कुरुम ने कहा कि जलवायु से जुड़े फैसलों का असर आम लोगों के रोजमर्रा के जीवन में दिखाई देना चाहिए। इसके लिए कम बिजली खर्च करने वाली इमारतों और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने की जरूरत है। उनका लक्ष्य है कि बिजली आधारित व्यवस्था का विस्तार करके प्रदूषण और जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम की जाए। वैश्विक संकटों के बीच जलवायु प्रयासों को किन चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है जलवायु परिवर्तन से निपटने की कोशिशों के सामने युद्ध और ऊर्जा संकट भी बड़ी चुनौती बन रहे हैं। ईरान युद्ध के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इससे दुनिया में ईंधन की कीमतें बढ़ी हैं। वहीं, अमेरिका लगातार दूसरे साल जलवायु वार्ता से दूर रहा है और तेल, गैस तथा कोयले का उत्पादन बढ़ाने पर जोर दे रहा है। दूसरी ओर, दक्षिण कोरिया, भारत और थाईलैंड जैसे एशियाई देशों ने भी कोयले पर अपनी निर्भरता बढ़ाई है। ऐसे हालात में स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ने और कार्बन उत्सर्जन कम करने का लक्ष्य हासिल करना मुश्किल हो रहा है। 2026 दुनिया के सबसे गर्म वर्षों में क्यों शामिल हो सकता है विश्व मौसम विज्ञान संगठन की सोमवार को जारी जलवायु रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी से सितंबर 2026 के बीच दुनिया का औसत तापमान औद्योगिक क्रांति से पहले के स्तर की तुलना में 1.47 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। शक्तिशाली अल नीनो के प्रभाव से आने वाले समय में तापमान और बढ़ने की आशंका है। रिपोर्ट के अनुसार, 2015 से 2026 तक के सभी 12 साल दर्ज इतिहास के सबसे गर्म 12 वर्षों में शामिल रहे हैं। यूरोपीय संघ की कोपरनिकस जलवायु सेवा के मुताबिक, वर्ष 2026 में वैश्विक तापमान के औद्योगिक क्रांति से पहले के स्तर से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की लगभग पूरी संभावना है। इससे पहले वर्ष 2024 में भी यह सीमा पार हुई थी। बढ़ते तापमान से दुनिया में कितनी गंभीर स्थिति पैदा हुई है जलवायु संकट का असर दुनिया के कई हिस्सों में दिखाई दे रहा है। यूरोप में भीषण गर्मी और नेपाल में ग्लेशियर टूटने से आई विनाशकारी बाढ़ में 1,450 से अधिक लोगों की जान चली गई। लगातार बढ़ते तापमान के बीच शक्तिशाली अल नीनो की स्थिति ने चिंता और बढ़ा दी है। यह वर्ष इतिहास के चार सबसे गर्म वर्षों में शामिल होने की कगार पर है। जलवायु विशेषज्ञों के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती तापमान वृद्धि को सीमित करना और प्राकृतिक आपदाओं के खतरे को कम करना है। अंताल्या में चल रहे कॉप-31 सम्मेलन में दुनिया के देशों के सामने यही सवाल है कि वे अपने वादों को जमीन पर उतारने के लिए कितनी तेजी से कदम उठाते हैं।

#World #National #Cop31 #ClimateChange #GlobalWarming #Turkey #ClimateSummit #ElNino #WmoReport #GlobalTemperature #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 10, 2026, 02:16 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




जलवायु संकट पर दुनिया को चेतावनी: कॉप-31 में बोले वैश्विक नेता- मौजूदा प्रयास धीमे, तेजी से उठाने होंगे कदम #World #National #Cop31 #ClimateChange #GlobalWarming #Turkey #ClimateSummit #ElNino #WmoReport #GlobalTemperature #VaranasiLiveNews