Bundi News: शौच के लिए गई मासूम पर श्वानों का हमला, नोंच-नोंचकर ले ली जान; लोकसभा अध्यक्ष ने जताई संवेदना
जिले के तालेड़ा उपखंड क्षेत्र के अल्कोदिया गांव में आवारा श्वानों के हमले से 10 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना सोमवार सुबह की है, जिसने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया। जानकारी के अनुसार बालिका रिंकू भील सुबह करीब 6 बजे रोज की तरह झोपड़ी से बाहर शौच के लिए गई थी। इसी दौरान आवारा श्वानों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एएसपी उमा शर्मा और डीएसपी राजेश टेलर सहित टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। साथ ही प्रशासन ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। लगातार बढ़ रहा श्वानों का खतरा घटना के बाद ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा श्वानों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे पहले भी स्कूल में डॉग बाइट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें बच्चे घायल हुए थे। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ये भी पढ़ें:Sirohi:बैंक मैनेजर कोमल जैन ने छोड़ी नौकरी, अब अपनाएंगी संयम जीवन; छह मई को लेंगी साध्वी की दीक्षा लोकसभा अध्यक्ष ने दी आर्थिक सहायता घटना की सूचना मिलते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला अल्कोदिया गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और एक लाख रुपये की सहायता राशि सौंपी, साथ ही जनसहयोग से अतिरिक्त सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने जिला प्रशासन को पीड़ित परिवार को आवास, बच्चों की शिक्षा और अन्य जरूरी मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र इधर बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर पीड़ित परिवार को कम से कम 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने पत्र में पूर्व में हुई ऐसी घटनाओं का भी उल्लेख करते हुए आवारा श्वानों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने गांव पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया और अधिकारियों को ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मनरेगा सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा श्वानों पर नियंत्रण के लिए ठोस और स्थायी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
#CityStates #Bundi #Rajasthan #BundiDogAttack #StrayDogsAttackIndia #GirlMauledCase #TaleraIncident #BundiNews #DogBiteCaseRajasthan #RuralProtestIndia #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 05, 2026, 04:26 IST
Bundi News: शौच के लिए गई मासूम पर श्वानों का हमला, नोंच-नोंचकर ले ली जान; लोकसभा अध्यक्ष ने जताई संवेदना #CityStates #Bundi #Rajasthan #BundiDogAttack #StrayDogsAttackIndia #GirlMauledCase #TaleraIncident #BundiNews #DogBiteCaseRajasthan #RuralProtestIndia #VaranasiLiveNews
