Una News: पीजीआई सेटेलाइट सेंटर में ओपीडी शुरू करने पर बजट बना बाधा
खास खबरसीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और ईटीपी के निर्माण के लिए नहीं मिला पूरा बजट आशुतोष डोगराऊना। पीजीआई सेटेलाइट सेंटर के निर्माण कार्य में अधूरा बजट बाधा बन गया है। एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) और ईटीपी (इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) के निर्माण के लिए पूरा बजट नहीं मिल पाया है। ऐसे में तय समय पर ओपीडी शुरू करने की योजना पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं।पीजीआई सेटेलाइट सेंटर के ओपीडी ब्लॉक और रेजिडेंस परिसर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। भवन निर्माण, आंतरिक कार्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े अधिकतर कार्य लगभग पूरे हो चुके हैं। हालांकि एसटीपी और ईटीपी प्लांट के बिना स्वास्थ्य संस्थान को संचालन की अनुमति मिलना मुश्किल माना जा रहा है। इसे लेकर प्रदेश सरकार से कई बार पूरा बजट मुहैया करवाने की मांग उठाई गई है। अधूरा बजट मिलने के कारण निर्माण एजेंसी ने भी इन कार्यों की रफ्तार धीमी कर दी है। बता दें कि पीजीआई सेटेलाइट सेंटर में ओपीडी ब्लॉक को शुरू करने के लिए देरी हो चुकी है। इस पर सांसद अनुराग ठाकुर भी कई बार निर्माण कार्य में जुटी कंपनी को सख्त दिशा-निर्देश भी दे चुके हैं। भाजपा सरकार के कार्यकाल में मलाहत में 403 कनाल भूमि पीजीआई प्रबंधन के नाम कर दी थी। केंद्र सरकार ने भी इस बड़े स्वास्थ्य संस्थान के लिए 495 करोड़ रुपये मंजूर किए। इस बड़े स्वास्थ्य संस्थान में जमीन, बिजली, सड़क, पानी और सीवरेज सुविधा प्रदेश सरकार मुहैया करवा रही है। प्रदेश सरकार ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए एक करोड़ रुपये ही जारी किए हैं। बकाया 3.55 करोड़ रुपये जल शक्ति विभाग को नहीं मिल पाए हैं। लंबे समय से क्षेत्र में पीजीआई सेटेलाइट सेंटर का इंतजार किया जा रहा है। यदि बजट के कारण कार्य अटकता है तो मरीजों को मिलने वाली राहत में देरी हो सकती है। संवादकोटप्रदेश सरकार की तरफ से पीजीआई सेटेलाइट सेंटर में बनने वाले एसटीपी और ईटीपी प्लांट के लिए पूरा बजट मुहैया नहीं करवाया है। बजट मिलने के बाद ही लंबित कार्य पूरा हो पाएगा। डॉ. राजीव चौहान, नोडल अधिकारी, पीजीआई सेटेलाइट सेंटर ऊना
#BudgetBecomesHurdleInStartingOPDInPGISatelliteCentre #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 05, 2026, 17:32 IST
Una News: पीजीआई सेटेलाइट सेंटर में ओपीडी शुरू करने पर बजट बना बाधा #BudgetBecomesHurdleInStartingOPDInPGISatelliteCentre #VaranasiLiveNews
