Sirmour: किसी भी बाधा को दूर से भांप लेगी ऐनक, आवाज देकर करेगी अलर्ट

कहते हैं कि विज्ञान जब मानवता की सेवा से जुड़ता है, तो बड़े बदलाव लाता है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छाउशा के दसवीं कक्षा के नन्हें वैज्ञानिक सारांश कश्यप और पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दाडलाघाट की जमा दो कक्षा की छात्रा भावना ने..। इन दोनों ने दृष्टिबाधित लोगों की मदद के लिए एक खास स्मार्ट ऐनक तैयार की है, जो न केवल तकनीकी रूप से उन्नत है, बल्कि दिव्यांगजनों के लिए मददगार भी साबित हो सकती है। पीएमश्री स्कूल नाहन में आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के दौरान सोलन के स्कूलों के इन दोनों विद्यार्थियों की इस रोचक प्रदर्शनी ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। इस प्रोजेक्ट की मुख्य विशेषता इसमें लगा अल्ट्रासोनिक सेंसर है। यह सेंसर चश्मे के आगे लगा होता है और सामने आने वाली किसी भी बाधा या दूरी को भांप लेता है। बाधा को भांपते ही एक जोर से बीप की आवाज होती है, जिससे पहनने वाला सचेत हो जाता है। सेंसर से प्राप्त डाटा को प्रोसेस करने के लिए दाईं तरफ एक कंट्रोल सर्किट लगाया गया है, जो अलग-अलग रंगों (लाल, हरा, सफेद, काला) की कनेक्टिंग वायर्स के जरिए आपस में जुड़े हैं। इस प्रोजेक्ट में एक माइक्रो यूएसबी पोर्ट भी दिया गया है, जिससे डिवाइस को आसानी से चार्ज किया जा सकता है या डाटा ट्रांसफर किया जा सकता है। चश्मे के फ्रेम पर सभी उपकरणों को टेप और सपोर्ट के जरिए मजबूती से फिट किया गया है, ताकि इस्तेमाल के दौरान यह सुरक्षित रहे। इस नवाचार का मुख्य लक्ष्य कला और विज्ञान के मेल से नई तकनीक सीखना और समाज के वंचित वर्ग की समस्याओं का समाधान ढूंढना है। लोगों का मानना है कि यदि इस तरह के प्रोटोटाइप को और विकसित किया जाए, तो यह दृष्टिबाधित लोगों के लिए एक किफायती और जीवन रक्षक उपकरण बन सकता है।

Sirmour: किसी भी बाधा को दूर से भांप लेगी ऐनक, आवाज देकर करेगी अलर्ट #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 23, 2026, 14:10 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Sirmour: किसी भी बाधा को दूर से भांप लेगी ऐनक, आवाज देकर करेगी अलर्ट #VaranasiLiveNews