सिरमौर: बस चालक पर लाठी से हमला, गुस्साए यात्रियों, स्थानीय लोगों ने किया चक्का जाम, तीन गिरफ्तार

पांवटा साहिब-डाकपत्थर मुख्य मार्ग पर बुधवार को निजी बस चालक पर लाठी से हमला किए जाने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। हरिपुर टोहाना में गन्ने की चरखी के पास हुए विवाद में बस चालक धनवीर पुंडीर उर्फ बब्बू निवासी गांव आगरो, आंजभोज के सिर पर चोट आई। घटना से गुस्साए बस यात्रियों, स्थानीय और गिरिपार क्षेत्र के लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोग अड़े रहे और डीएसपी पांवटा साहिब के मौके पर पहुंचने तक मार्ग पर जाम लगा रहा। पुलिस ने मामले में अख्तर अली, दिलशाद और संजय खान को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस थाना पांवटा साहिब पहुंचे प्रदर्शनकारी शांत हुए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, निजी बस चालक धनवीर पुंडीर बुधवार सुबह हरिपुर टोहाना में गन्ने की चरखी के पास गुड़ लेने के लिए रुके थे। इसी दौरान वहां एक बुजुर्ग बाइक सवार पहुंचा और कथित तौर पर चालक के साथ गाली-गलौज करने लगा। चालक ने उसे समझाते हुए कहा कि बस में महिलाएं भी सवार हैं, इसलिए गाली-गलौज न करें। बताया जा रहा है कि विवाद मोड़ पर हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ था। आरोप है कि इसके बाद बुजुर्ग गुस्से में अपने घर चला गया और परिवार के दो अन्य युवकों को साथ लेकर वापस पहुंचा। तीनों ने कथित तौर पर बस चालक के सिर पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना की जानकारी फैलते ही गिरिपार क्षेत्र और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। बस में सवार यात्रियों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर रोष जताया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ यह आश्वासन भी मांगा कि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। जाम के चलते पांवटा साहिब-डाकपत्थर मार्ग पर यातायात बाधित रहा। दोपहर करीब 12 बजे तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद लोग पुलिस थाना पांवटा साहिब पहुंचकर भी अपना विरोध जताते रहे। मौके पर पहुंचे पांवटा साहिब के डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि मोड़ पर हॉर्न बजाने को लेकर विवाद हुआ था। मामले में पुलिस थाना पुरूवाला में अख्तर अली, दिलशाद और संजय खान को गिरफ्तार किया गया है। घायल बस चालक धनवीर पुंडीर का मेडिकल करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

सिरमौर: बस चालक पर लाठी से हमला, गुस्साए यात्रियों, स्थानीय लोगों ने किया चक्का जाम, तीन गिरफ्तार #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 21, 2026, 16:28 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


सिरमौर: बस चालक पर लाठी से हमला, गुस्साए यात्रियों, स्थानीय लोगों ने किया चक्का जाम, तीन गिरफ्तार #VaranasiLiveNews