बहादुरगढ़ के ओमेक्स सिटी में रैंप व चबूतरे तोड़ने पहुंची टीम का लोगों ने किया विरोध
बहादुरगढ़ के झज्जर रोड स्थित ओमेक्स सिटी में मंगलवार को मकानों के बाहर बने चबूतरे और रैंप तोड़ने पहुंची प्रशासनिक टीम का स्थानीय लोगों ने विरोध कर दिया। मौके पर पहुंचे ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार लोगों को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन निवासी कार्रवाई को लेकर नाराज नजर आए। जानकारी के अनुसार प्रशासन की टीम इलाके में मकानों के बाहर बने रैंप और चबूतरे हटाने के लिए पहुंची थी। जैसे ही टीम ने तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की, आसपास के लोग एकत्रित हो गए और इसका विरोध करने लगे। लोगों का कहना था कि उन्हें इस संबंध में पहले कोई नोटिस नहीं दिया गया और अचानक कार्रवाई शुरू कर दी गई। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि रैंप और चबूतरे तोड़ने के साथ-साथ उनके घरों के बाहर लगे पौधों को भी नुकसान पहुंचाया गया है। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन को कोई कार्रवाई करनी थी तो पहले नोटिस देकर उन्हें कुछ दिनों का समय दिया जाना चाहिए था, ताकि वे स्वयं ही निर्माण हटा लेते। वहीं, मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार ने लोगों को समझाते हुए कहा कि प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई कर रहा है। हालांकि लोगों की नाराजगी को देखते हुए अधिकारियों ने उनसे बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। इलाके में कुछ समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
बहादुरगढ़ के ओमेक्स सिटी में रैंप व चबूतरे तोड़ने पहुंची टीम का लोगों ने किया विरोध #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 22, 2026, 10:15 IST
बहादुरगढ़ के ओमेक्स सिटी में रैंप व चबूतरे तोड़ने पहुंची टीम का लोगों ने किया विरोध #VaranasiLiveNews
