सुखबीर बादल पर बरसे विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल

आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और उनकी पार्टी पर तीखा हमला बोला। धालीवाल ने कहा कि पंजाब को अब भाषणों की नहीं, ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सुखबीर सिंह बादल को मंचों से बड़े-बड़े दावे करने के बजाय गुरुद्वारों की संपत्तियों और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की गोलक को बचाने पर ध्यान देना चाहिए। धालीवाल ने आरोप लगाया कि बादल परिवार ने लंबे समय तक पंजाब की राजनीति और धार्मिक संस्थाओं का अपने निजी हितों के लिए उपयोग किया। उन्होंने कहा कि एसजीपीसी की गोलक का रुख किसी एक परिवार की ओर होना सिख समुदाय के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उनका कहना था कि अकाली दल की नीतियों ने पंजाब को आर्थिक, सामाजिक और कानून-व्यवस्था के स्तर पर नुकसान पहुंचाया है। गैंगस्टर मुद्दे पर धालीवाल ने कहा कि सुखबीर सिंह बादल के बयान केवल बोलने तक सीमित हैं। एक ओर गैंगस्टरों को खत्म करने की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर उनके पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल हुआ जाता है। यह दोहरी नीति पंजाब को और नुकसान पहुंचाएगी। धालीवाल ने दावा किया कि भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब में फैले भ्रष्टाचार, गैंगस्टरवाद और अव्यवस्था की पूरी तरह सफाई करेगी। अकाल तख्त साहिब और एसजीपीसी से जुड़े हालिया विवादों पर उन्होंने कहा कि सभी को कानून और मर्यादा के दायरे में रहकर अपनी बात रखनी चाहिए। यदि किसी के पास संपत्तियों या किसी घोटाले से जुड़े आरोप हैं तो उन्हें सबूतों के साथ सामने लाया जाए, केवल आरोप लगाकर संस्थाओं को बदनाम करना उचित नहीं है। अंत में धालीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब की जनता से किए गए हर वादे को पूरा करेगी और राज्य को साफ, सुरक्षित और न्यायपूर्ण बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

सुखबीर बादल पर बरसे विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 23, 2026, 11:10 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


सुखबीर बादल पर बरसे विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल #VaranasiLiveNews