Mandi: धर्मपुर में प्रतिभाओं की खोज, 800 बच्चों ने दी प्रवेश परीक्षा; गरीब मेधावी छात्रों को मिलेगा मुफ्त शिक्षा का अवसर

डॉ. विजय मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी बोर्डिंग स्कूल धर्मपुर में नौंवी कक्षा में प्रवेश के लिए आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रवेश परीक्षा में इस बार करीब 800 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि विभिन्न परीक्षा केंद्रों में से धर्मपुर सेंटर में सबसे अधिक करीब 250 बच्चे परीक्षा में शामिल हुए। यह विद्यालय विशेष रूप से उन मेधावी लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए आशा की किरण बना हुआ है, जो पढ़ाई में उत्कृष्ट होने के बावजूद संसाधनों के अभाव में आगे की शिक्षा जारी नहीं रख पाते। स्कूल में चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया जाता है, जिससे योग्य और जरूरतमंद छात्रों को समान अवसर मिल सके। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, यहां नौंवी से लेकर बारहवीं कक्षा तक छात्रों को पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है। इतना ही नहीं, विद्यार्थियों के रहने, खाने, कपड़े, जूते तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी पूरा प्रबंध संस्थान द्वारा किया जाता है, जिससे बच्चों को किसी प्रकार की आर्थिक चिंता के बिना पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर मिलता है। स्कूल के प्रधानाचार्य ओम प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष प्रदेशभर से करीब 800 छात्रों ने प्रवेश परीक्षा में भाग लिया, जो इस संस्थान के प्रति बढ़ते विश्वास और लोकप्रियता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और योग्यता आधारित है। उन्होंने यह भी बताया कि इस विद्यालय का संपूर्ण खर्च साईं इंटरनल फाउंडेशन द्वारा वहन किया जाता है। संस्था के संस्थापक राजकुमार कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में यह सेवा कार्य निरंतर जारी है। संस्था का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर शिक्षा और उज्जवल भविष्य प्रदान करना है। इस प्रकार डॉ. विजय मेमोरियल स्कूल न केवल शिक्षा का केंद्र बना हुआ है, बल्कि समाज के वंचित वर्ग के लिए उम्मीद और प्रेरणा का प्रतीक भी बनकर उभर रहा है।

Mandi: धर्मपुर में प्रतिभाओं की खोज, 800 बच्चों ने दी प्रवेश परीक्षा; गरीब मेधावी छात्रों को मिलेगा मुफ्त शिक्षा का अवसर #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 06, 2026, 10:15 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Mandi: धर्मपुर में प्रतिभाओं की खोज, 800 बच्चों ने दी प्रवेश परीक्षा; गरीब मेधावी छात्रों को मिलेगा मुफ्त शिक्षा का अवसर #VaranasiLiveNews