कानपुर: गेहूं क्रय केंद्र पर अव्यवस्था देख बिफरे डीएम, तत्काल सुधार के निर्देश
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को नरवल तहसील स्थित बौसर गेहूं क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने पारदर्शिता और किसानों की सुविधा को सर्वोपरि बताते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस वर्ष गेहूं खरीद के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य है, लेकिन पंजीकरण न होने पर किसी भी किसान को केंद्र से वापस नहीं भेजा जाएगा। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने निर्देश देते हुए बताया कि जिन किसानों ने अभी तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है, उनके लिए केंद्र पर ही तैनात कार्मिक तत्काल पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करेंगे। साथ ही बताया कि क्रय केंद्रों पर आने वाले छोटे किसानों की फसल पहले खरीदी जाए ताकि उन्हें अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। केंद्र की जर्जर सीढ़ियों और बुनियादी सुविधाओं की कमी देख डीएम ने नाराजगी जताई और पेयजल व छाया की तत्काल व्यवस्था करने को कहा। निरीक्षण के दौरान ग्राम बौसर के किसान रामकिशोर की तौल प्रक्रिया का खुद अवलोकन करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि तौल, भुगतान या अन्य सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
कानपुर: गेहूं क्रय केंद्र पर अव्यवस्था देख बिफरे डीएम, तत्काल सुधार के निर्देश #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 18, 2026, 14:43 IST
कानपुर: गेहूं क्रय केंद्र पर अव्यवस्था देख बिफरे डीएम, तत्काल सुधार के निर्देश #VaranasiLiveNews
