कुरुक्षेत्र: सोशल मीडिया ने कम की पढ़ने की शक्ति, युवा केवल नौकरी के लिए ले रहे डिग्री : न्यायमूर्ति राजेश बिंदल

सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव ने खासकर युवाओं में पढ़ने की शक्ति को कम कर दिया है। आज का युवा ज्ञान अर्जित करने के लिए डिग्री नहीं कर रहा है बल्कि नौकरी पाने के लिए कॉलेजों व विश्वविद्यालयों के चक्कर काट रहा है, जो देश के भविष्य के लिए चिंता का विषय है। यह चिंता सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजेश बिंदल ने शनिवार को ढांड रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में पूर्व आईजीपी व साहित्यकार डॉ. हरीश कुमार लाडला द्वारा रचित चार पुस्तकों के विमोचन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए जाहिर की। न्यायमूर्ति बिंदल ने डॉ. लाडला की पुस्तकों गीता ज्ञान अमृतम्, तस्ववुर, अतिश्योक्ति और बिखरे मोती का विमोचन किया। विमोचन के बाद एक कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। न्यायमूर्ति ने कहा कि आज का युवा केवल मोबाइल तक सीमित हो गया है उसमें सेवा नहीं है। अक्सर सोशल मीडिया पर देखने को मिलता है कि किसी भी दुर्घटना के बाद युवा पीड़ित की मदद करने की जगह मोबाइल निकालकर रील बनाने लग जाते हैं। भारतवर्ष की हमेशा से सेवा भाव की परंपरा रही है, लेकिन यह स्थिति दर्शाती है कि युवा इन सब बातों को भूल गया है। युवा को चाहिए की उसे अपनी अध्ययन करने की क्षमता को बढ़ाना चाहिए। न्यायमूर्ति राजेश बिंदल ने कहा कि सोशल मीडिया की लत ने युवाओं को छोटे-छोटे टुकड़ों में जानकारी लेने की आदत डाल दी है। गहन अध्ययन, चिंतन और मनन की प्रक्रिया कम हो रही है। उन्होंने कहा कि आज युवा डिग्री इसलिए ले रहा है क्योंकि उसे नौकरी चाहिए। ज्ञान की प्यास, साहित्य के प्रति रुचि और सांस्कृतिक जड़ों से जुडऩे की इच्छा कम होती जा रही है। शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों का विकास और समाज को बेहतर बनाने की क्षमता विकसित करना होना चाहिए। सोशल मीडिया पर पैसा अर्जित करने के लिए कुछ भी परोसा जा रहा है जबकि समाचार पत्र आज भी विश्ववसनीय है। इस माैके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व डीजीपी हरियाणा केपी सिंह, वशिष्ट अतिथि डॉ. आरसी मिश्रा चेयरमैन पुलिस शिकायत प्राधिकरण, वशिष्ट अतिथि प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा कुलगुरु कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, वशिष्ठ अतिथि एसके गोयल, पूर्व एसई बिजली निगम व वशिष्ठ अतिथि रामकुमार वेदाचार्य अलेवा ने शिरकत करते हुए उपरोक्त पुस्तकों का लोकार्पण किया।

कुरुक्षेत्र: सोशल मीडिया ने कम की पढ़ने की शक्ति, युवा केवल नौकरी के लिए ले रहे डिग्री : न्यायमूर्ति राजेश बिंदल #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 04, 2026, 20:35 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


कुरुक्षेत्र: सोशल मीडिया ने कम की पढ़ने की शक्ति, युवा केवल नौकरी के लिए ले रहे डिग्री : न्यायमूर्ति राजेश बिंदल #VaranasiLiveNews