ऊना: डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम पर लगे आरोपों पर बोले स्वामी हेमानंद, कहा- साक्ष्य हैं तो रिकॉर्ड और रसीदें देखें
डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम के प्रबंधन और ट्रस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे आरोपों के बीच महंत स्वामी हेमानंद महाराज मंगलवार को मीडिया के सामने आए। उन्होंने आरोपों को निराधार और मनगढ़ंत बताते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को आश्रम के लेन-देन या प्रबंधन को लेकर कोई संदेह है, तो वह आश्रम कार्यालय में आकर संबंधित रिकॉर्ड और रसीदों की जांच कर सकता है। मीडिया से बातचीत में स्वामी हेमानंद महाराज ने कहा कि पूज्य गुरु महाराज ने उन्हें आश्रम का अधिष्ठाता और गद्दीनशीन बनाया है। ट्रस्टियों, सेवकों और श्रद्धालुओं से जुड़ी व्यवस्थाएं उनके मार्गदर्शन में संचालित होती हैं। उन्होंने कहा कि आश्रम की कार्यप्रणाली पारदर्शी है और यहां धार्मिक गतिविधियां सनातन परंपराओं के अनुरूप संचालित की जाती हैं। स्वामी हेमानंद महाराज ने कहा कि आश्रम के लेन-देन को लेकर किसी को कोई शंका है, तो उसे सोशल मीडिया पर आरोप लगाने के बजाय संबंधित रिकॉर्ड और रसीदों की जांच करनी चाहिए। इसके लिए आश्रम कार्यालय में आकर उपलब्ध दस्तावेज देखे जा सकते हैं। उन्होंने आश्रम की छवि खराब करने के कथित प्रयासों पर नाराजगी जताई। अदालती मामलों और आश्रम के सरकारी अधिग्रहण से जुड़ी कोशिशों का उल्लेख करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग आश्रम की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। स्वामी हेमानंद महाराज ने कहा कि डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम करोड़ों सनातन धर्म प्रेमियों और श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। संत परंपरा के अनुरूप वह सभी के लिए सद्बुद्धि की कामना करते हैं, लेकिन आश्रम की मर्यादा और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के प्रयास बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर भ्रामक आरोप लगाकर आश्रम को बदनाम करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर पुलिस में प्राथमिकी भी दर्ज करवाई जाएगी। स्वामी हेमानंद महाराज ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में तथ्यों की पुष्टि करने के बाद ही निष्कर्ष पर पहुंचना चाहिए।
ऊना: डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम पर लगे आरोपों पर बोले स्वामी हेमानंद, कहा- साक्ष्य हैं तो रिकॉर्ड और रसीदें देखें #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 20, 2026, 13:47 IST
ऊना: डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम पर लगे आरोपों पर बोले स्वामी हेमानंद, कहा- साक्ष्य हैं तो रिकॉर्ड और रसीदें देखें #VaranasiLiveNews
