Bareilly News: परचम कुशाई के साथ उर्स-ए-ताजुश्शरिया का आगाज

सुन्नी बरेलवी मुसलमानों के मजहबी रहनुमा हजरत मुफ्ती मोहम्मद अख्तर रजा खां (अजहरी मियां) का दो दिवसीय उर्स-ए-ताजुश्शरिया का आगाज शुक्रवार को परचम कुशाई से हुआ। सुबह कुरआन ख्वानी व नात-ओ-मनकबत की महफिल सजाई गई। दिनभर दरगाह पर हाजिरी और गुलपोशी का सिलसिला चला। शाम को जमात रजा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां की कयादत में परचमी जुलूस निकाले गए। पैदल काफिले के पीछे बाइकें चल रही थीं। इस दौरान मसलक-ए-आला हजरत जिंदाबाद, बस्ती-बस्ती करिया-करिया ताजुश्शरिया-ताजुश्शरिया नारे आदि गूंजते रहे। जुलूस कुतुबखाना चौराहा, बिहारीपुर ढाल होते हुए दरगाह आला हजरत पहुंचे। वहां हाजिरी देकर जुलूस दरगाह ताजुश्शरिया पहुंचे। वहां काजी-ए-हिंदुस्तान, सज्जादानशीन मुफ्ती मोहम्मद असजद रजा खां कादरी (असजद मियां) ने देश-विदेश से आए उलेमा व अकीदतमंदों की मौजूदगी में परचम कुशाई की रस्म अदा की और दुनियाभर में अमन-ओ-सुकून की दुआ की। भीम आर्मी के संस्थापक व आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नगीना सांसद अधिवक्ता चंद्रशेखर आजाद की ओर मजार शरीफ पर चादर पेश की गई।उर्स से ऑनलाइन जुड़ेंजमात रज़ा के आईटी सेल प्रभारी अतीक अहमद ने बताया जायरीन घर बैठे भी उर्स में शिरकत कर सकते हैं। मिक्सर और यू ट्यूब पर 24 व 25 अप्रैल का लाइव प्रसारण दुनियाभर में किया जाएगा। इसका लिंक सोशल मीडिया पर जारी कर दिया गया है। आयोजन में हाफिज इकराम रजा खां, मौलाना आबिद नूरी, शमीम अहमद, कौसर अली, यासीन खान, सैयद अजीमुद्दीन अजहरी, अब्दुल्ला रजा खां, मोईन खान, मोईन अख्तर, नदीम सुब्हानी आदि का सहयोग रहा।उर्स में आज जमात रजा के पूर्व प्रवक्ता समरान खान ने बताया दरगाह ताजुश्शरिया पर फज्र की नमाज के बाद सुबह छह बजे कुरआन ख्व़ानी व नात-ओ-मनकबत की महफिल होगी। सुबह 7:10 बजे सरकार ताजुश्शरिया के वालिद मुफस्सिर-ए-आजम हिंद (जिलानी मियां) के कुल की रस्म अदा की जाएगी। सीबीगंज स्थित मदरसा जामियातुर्रजा में दोपहर दो बजे से उलमा और सज्जादागान की तकरीर होगी। शाम 7:14 बजे अजहरी मियां के कुल की रस्म अदा की जाएगी।---शहर और मथुरापुर में एक हजार पुलिसकर्मी तैनातबरेली। उर्स के दौरान भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर और मथुरापुर में एक हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसमें चार एएसपी, नौ सीओ, 31 इंस्पेक्टर, 105 एसआई, 801 कांस्टेबल, 49 महिला कांस्टेबल शामिल हैं। चार कंपनी पीएसी को भी लगाया गया है। यातायात पुलिस का बेड़ा भी मुस्तैद रहेगा। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। ड्रोन और सीसी कैमरों से भी नजर रखी जा रही है।एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि दो दिवसीय आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से कराना प्राथमिकता है। यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी असामाजिक तत्व माहौल खराब न कर सके। सुरक्षा बंदोबस्त के लिए आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। ब्यूरो आरएसी मुख्यालय बैतुर्रजा पर सजी महफिलबरेली। ऑल इंडिया रजा एक्शन कमेटी और आरएसी ट्रस्ट ने उर्स-ए-ताजुश्शरिया के मौके पर महफिल सजाई गई। सदारत कर रहे आरएसी अध्यक्ष मौलाना अदनान रजा कादरी ने कहा कि अगर हुजूर ताजुश्शरिया से मोहब्बत का दावा है तो हमें शरीयत की हर बात माननी है। यही उनको सच्ची खिराज-ए-अकीदत है। आरएसी मुख्यालय बैतुर्रजा पर सुबह कलाम-ए-पाक की तिलावत के बाद फातिहाख्वानी हुई और फिर दो दिवसीय लंगर शुरू कर दिया गया। उर्स के लिए दूसरे जिलों से भी अकीदतमंद पहुंच रहे हैं। संवाद---भले आधा पेट खाएं लेकिन बच्चों को पढ़ाएंफोटोबरेली। मथुरापुर स्थित जमीयतुर्रजा इस्लामिक सेंटर पर शुक्रवार रात सजाई गई महफिल में मुफ्ती शाहजाद आलम ने कहा कि ताजुश्शरिया ने पूरी जिंदगी मजहब व मसलक के लिए वक्फ कर दी। मुसलमानों को उनके नक्शे कदम पर चलते हुए अपने बच्चों को दीनी व दुनियावी तालीम दिलानी चाहिए। भले ही आधा पेट खाएं, लेकिन बच्चों की तालीम पर खास ध्यान दें। मुहद्दिस-ए-कबीर जिया उल मुस्तफा, मुफ्ती आशिक हुसैन कश्मीरी, सोहिल मियां, अनस मिया, मौलाना अब्दुल मुस्तफा रुदौली, मुफ्ती अख्तर अलीमी, शमशाद मिसवाई, कफील हाशमी, सफीपुर के सज्जादानशीन हसनैन मियां, मुफ्ती नश्तर फारुकी, अफजाल रजवी, आदि ने भी तकरीर की। देर रात 1:40 बजे सरकार मुफ्ती आजम हिंद के कुल की रस्म अदा की गई। काजी-ए-हिंदुस्तान असजद मियां ने सरपरस्ती करते हुए खुसूसी दुआ की। महफिल की निजामत मौलाना गुलजार की रही। संवाद----हजरत वली मोहम्मद का उर्स शुरूबरेली। कुतुबुल अकताब हजरत अल्हाज अश्शाह मौलाना वली मोहम्मद (वली मियां) का उर्स पारंपरिक अंदाज में शुरू हो गया है। पहले दिन शुक्रवार सुबह कुरान ख्वानी और दिनभर गुलपोशी का सिलसिला चला। जुमे की नमाज के बाद मुंबई, हैदराबाद और दिल्ली के जायरीन ने भी गुलपोशी की। खानकाह रफीकुल औलिया की ओर से सज्जादानशीन मुहिब मियां मोहम्मदी कदीरी ने मजार शरीफ पर चादर पेश की। हाफिज जानिसार अख्तर और हाफिज मेहंदी के नेतृत्व में जसपुर से साठ लोगों का काफिला दरगाह पहुंचा। रात की महफिल में तकरीरें हुईं। मुफ्ती नसीम उद्दीन ने अल्लाह के औलिया के गुणों पर बयान दिया। मौलाना कारी इलियास कादरी ने खुदा से दिल लगाने का संदेश दिया। दरगाह के सज्जादानशीन अल्हाज अनवर मियां हुजूर ने दुआ की। प्रवक्ता सैयद नाजिर अली ने बताया कि शनिवार को भोर में चार बजे हजरत वली मियां हुजूर का विसाल कुल शरीफ होगा। संवाद---हज यात्रियों को हार पहनाकर किया रवानाबरेली। मोहल्ला जसौली निवासी हाजी हसीन मियां वारसी पत्नी सीमा वारसी के साथ शुक्रवार को हज यात्रा के लिए रवाना हुए। शहर के अन्य क्षेत्रों से मोहम्मद सलीम, फरीन बेगम, नईम अख्तर, मुनव्वर, गुलशन सईद, नाज़नीन और मुनव्वर कुरैशी समेत कई जायरीन ने भी दिल्ली एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान किया। ये सभी आजमीन शनिवार दोपहर 12 बजे मदीना शरीफ के लिए रवाना होंगे। इस मौके पर बरेली हज सेवा समिति के सदस्यों यात्रियों को हार पहनाकर विदाई दी। संवाद---महिलाओं के मस्जिद में आने पर प्रतिबंध नहीं : शहाबुद्दीनबरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि इस्लाम धर्म ने मुस्लिम महिलाओं के मस्जिद में प्रवेश पर प्रतिबंध नहीं लगाया है। पैगंबर-ए-इस्लाम के जमाने में महिलाएं मस्जिदों में जाती थीं। मौलाना ने यह बयान सुप्रीम कोर्ट में दायर एक याचिका पर इस्लामी नजरिये को साफ करते हुए दिया है। उन्होंने कहा कि जब सहाबा को कुछ मस्जिदों से शिकायतें आने लगीं तो खलीफा ने एहतियातन महिलाओं को मस्जिद में आने से रोक दिया था। कुछ लोग इस मुद्दे को उछालकर मुस्लिम महिलाओं को बरगलाना चाहते हैं, जबकि वे अपने हितों को खूब जानती हैं और इस्लाम के नजरिये से वाकिफ भी हैं। संवाद

#Urs-e-TajushshariaBeginsWithFlagHoisting #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 25, 2026, 02:53 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Bareilly News: परचम कुशाई के साथ उर्स-ए-ताजुश्शरिया का आगाज #Urs-e-TajushshariaBeginsWithFlagHoisting #VaranasiLiveNews